लीबिया में ‘मौत का तूफान’, 3000 लोगों की जान जाने की आशंका

–चारों ओर तबाही, 10000 से अधिक लापता

काहिरा। लीबिया में आई विनाशकारी बाढ़ में हालात भयावह हो गए हैं। अब तक 700 शव दफनाए गए हैं और माना जा रहा है कि 3 हजार लोगों की मौत हो सकती है। बताया जा रहा है कि 10 हजार लोग अभी लापता है। पूर्वी लीबिया सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि डर्ना शहर में विनाशकारी बाढ़ में मारे गये 700 लोगों को अब तक दफन किया जा चुका है और मृतकों की संख्या काफी बढ़ सकती है। डर्ना में घटनास्थल पर मंगलवार को पहुंचे उस्मान अब्दुल जलील ने स्थानीय टीवी स्टेशन को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा कि शहर के विभिन्न अस्पताल शवों से अटे पड़े हैं।

भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ ने रविवार रात पूर्वी लीबिया के कई शहरों में तबाही मचाई, लेकिन सबसे ज्यादा तबाही डर्ना में हुई, जहां भारी बारिश और बाढ़ के चलते बांध टूट गए और तेज धारा लोगों को बहाकर ले गयी। लीबिया में बाढ़ के चलते तबाह हुए तटीय शहर में बचाव टीम मलबे से शवों को निकालने में संघर्ष कर रही है। मानवाधिकार एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि अकेले डर्ना शहर में 2,000 लोगों की मौत होने की आशंका है।

हर तरफ बस लाशें ही लाशें

अधिकारियों ने कहा कि भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ ने पूर्वी लीबिया के कई शहरों में तबाही मचाई और अचानक बाढ़ आ गई, लेकिन सबसे ज्यादा तबाही डर्ना में हुई, जहां भारी बारिश और बाढ़ के चलते बांध टूट गए और उनका पानी चारों तरफ फैल गया। ‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस’ और ‘रेड क्रिसेंट सोसाइटीज’ में लीबिया के दूत तामीर रमदान ने कहा कि अभूतपूर्व बाढ़ के बाद 10,000 लोग लापता हैं।

कई जगहों पर पहुंचना मुश्किल

स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल जलील ने कहा कि डेर्ना इलाके में हालात इतने खराब हैं कि कई जगहों पर तो पहुंचा भी नहीं जा सकता। मरने वालों का आंकड़ा 3 हजार से ज्यादा हो चुका है। उनके मुताबिक अभी हम मौत का आंकड़ा 3 हजार मान रहे हैं, लेकिन जैसे हालात हैं उससे लगता है कि यह नंबर 10 हजार तक भी जा सकता है। इसके अलावा एक लाख से ज्यादा लोग लापता हो सकते हैं। अभी पुख्ता तौर पर कुछ भी कहना मुश्किल है।

000

प्रातिक्रिया दे