हम भारत जोड़ने में लगे हैं, भाजपा उसके टुकड़े करने में

—भरोसे का सम्मेलन में बोले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे

–राजनांदगांव जिले के ठेकवा में जुटे बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेसजन

राजनांदगांव। भरोसे के सम्मेलन कार्यक्रम आयोजन में शामिल होने राजनांदगांव के ठेकवा पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही देश को जोड़ने का काम किया है। केंद्र सरकार कहती है कि हमें भारत नाम से दिक्कत है। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने ही कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। विपक्षी दलों ने जबसे अपने फ्रंट का नाम इंडिया रखा है, मोदी सरकार इसे पचा नहीं पा रही है। यही कारण है कि केंद्र की भाजपा सरकार, जो अब भारत नाम पर जोर दे रही है, उन्होंने ही अपने कार्यकाल में अब तक स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसे नाम से योजनाएं संचालित की।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार के खिलाफ लगातार जारी ईडी, सीबीआई और आईटी रेड को भी बदले की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ घोटाले की बात करने वाले प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने सात लाख करोड़ रुपए का घोटाला किया है, जिस पर बात करना उन्हें अच्छा नहीं लगता है। श्री खड़गे ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार को मदद करने की जगह, उन पर अड़गा डालने पर आतुर है। केंद्र ने छत्तीसगढ़ के हिस्से का फंड नहीं दिया, धान खरीदी में भी खलल डालने की कोशिश की, परन्तु लोगों के भरोसे का असर है कि प्रदेश में भूपेश सरकार लगातार किसान, युवाओं और गरीब मजदूरों के लिए काम कर रही है।

21 को भिलाई आएंगी प्रियंका

चुनाव नजदीक आते ही दोनों दलों में वरिष्ठ नेताओं का आवागमन भी तेज हो गया है। इधर शुक्रवार को राजनांदगांव के ठेकवा में भरोसे के सम्मेलन में आए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बाद अब 21 सितंबर को प्रियंका गांधी भिलाई आने वाली है। यहां वे महिलाओं के लिए आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगी। मंच से जानकारी देते सीएम ने कहा कि इस बीच ही एक आयोजन आवास के हितग्राहियों को रकम ट्रांसफर करने के लिए बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। जिसमें राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शामिल होने के लिए समय मांगा जा रहा है।

चुनाव तक नहीं बढ़ेंगे दाम

केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जैसे ही चुनाव करीब आते हैं, मोदी सरकार लोगों को लुभाने के लिए पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में कटौती शुरू कर देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय रसाेई गैस 4 सौ रुपए में मिलते थे, लेकिन अब 11 सौ के दाम में 200 रुपए की मामूली गिरावट कर केंद्र सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। सीएम ने यह भी कहा कि अब चुनाव तक पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे।

रमन के राज में जमकर भ्रष्टाचार : सीएम

सीएम भूपेश बघेल ने राजनांदगांव के ठेकवा में आयोजित सभा में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह की सरकार पर आरोप लगाते कहा कि 15 साल तक भाजपा की सरकार गरीबों का हक मारकर भ्रष्टाचार करती रही। उन्होंने कहा कि रमन सरकार ने दवाई में भी कमीशन खाया। जिसका असर था कि प्रदेश में आंख फोड़वा कांड, गर्भाशय कांड जैसे मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि बोनस देने का झांसा देकर रमन सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया था।

000

प्रातिक्रिया दे