यह भारत का तीसरा मून मिशन है। भारत ने सबसे पहले साल 2008 में चांद का पहला मिशन किया था, जिसे चंद्रयान-1 नाम दिया गया था। उसके बाद 2019 में दूसरा अभियान हुआ और यह भारत का तीसरा चांद अभियान है। पहले अभियान में इसरो ने चांद की परिक्रमा करने वाला ऑर्बिटर भेजा था और उस पूरे मिशन पर 365 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। दूसरा मिशन 978 करोड़ रुपये के खर्च से पूरा हुआ था, लेकिन उसमें पूरी सफलता नहीं मिल पाई थी।
615 करोड़ का आया खर्च
इसरो के मौजूदा मिशन की लागत की बात करें तो इस पर करीब 615 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इसके लॉन्च व्हीकल यानी रॉकेट पर 365 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि लैंडर और रोवर पर 250 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अब इसकी तुलना नासा से करें तो फिगर अच्छे से समझ आते हैं। लंबे अंतराल के बाद नासा भी चांद का अभियान करने वाला है, जिसे आर्टेमिस मून प्रोग्राम नाम दिया गया है। नासा का यह मिशन 2025 के लिए प्रस्तावित है और उसकी कुल लागत करीब 93 बिलियन डॉलर बैठती है। यानी नासा के मिशन का खर्च करीब 7,69,226 करोड़ रुपये है, जो चंद्रयान-3 की लागत की तुलना में 1,250 गुना है।
बेहद सस्ते हैं प्रस्तावित बड़े मिशन
इसरो का यह मिशन आने वाले समय में अंतरिक्ष में भारत की उपस्थिति के लिहाज से भी अहम है। इसके बाद इसी साल इसरो का सोलर मिशन आदित्य-एल1 प्रस्तावित है, जिसकी लागत करीब 378 करोड़ रुपये है। अगले साल इसरो पहला ह्यूमन स्पेस मिशन गगनयान भेजने वाला है, जिसकी लागत करीब 9,023 करोड़ रुपये है। अगले साल दूसरे मंगलयान की भी तैयारी है। अगले 7-8 सालों में इसरो शुक्र ग्रह के लिए शुक्रयान भी रवाना करने वाला है। कुल मिलाकर यह देखना है कि नासा की तुलना में इसरो हजारों गुने कम पैसे में सफलता से काम को पूरा कर रहा है।
000

