छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार विशाल कांवर यात्रा निकाली गई। सावन सोमवार को दो कांवर यात्रा निकाली गई। एक तरफ विधायक विकास उपाध्याय ने मारूति मंगलम भवन गुढियारी से दिव्य कांवर यात्रा निकाली, जो महादेव घाट पहुंचकर खत्म हुई।
इसमें सीएम भूपेश बघेल कांवर लेकर निकले। बड़ी संख्या में श्रद्दालु कांवर लेकर महादेव के दर पर पहुंचे। कांवर यात्रा शहर के चौक-चौराहों को होती हुई महादवे घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर पहुंची।
दूसरी ओर बीजेपी नेता और मीडिया विभाग के सदस्य रविंद्र सिंह ने भी बिरगांव से मनोकामना कांवर यात्रा निकाली। इसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी शामिल हुए। हजारों की संख्या में कांवरिए शामिल होकर महादेव पहुंचे। ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर कांवरिए झूमते गाते हुए महादेव घाट मंदिर पहुंचे।
इस दौरान आकर्षक झांकी भी निकाली गई। जिसे लोग देखते ही रह गए। बीरगांव से लेकर महादेवघाट तक हर-हर महादेव के जयकारे लगते रहे। पूरा हटकेश्वर नाथ मंदिर बम-बम भोले के जयघोष से गूज उठा। इस कांवर यात्रा में छत्तीसगढ़ समेत यूपी-बिहार के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
चौक-चौराहों पर भंडारे का आयोजन
कांवर यात्रा का लोगों ने जगह-जगह जमकर स्वागत किया। चौक-चौराहों पर भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बम-बम भोले के जयकारे लगते रहे। बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग आदि लोग बड़ी संख्या में कांवर यात्रा में शामिल हुए।
इन मार्गों से होकर निकली कांवर यात्रा
मनोकामना कांवर यात्रा बीरगांव, बुधवारी बाजार, व्यास तालाब चौक, भनपुरी, फाफाडीह, जेल रोड, शास्त्री चौक, निगम चौक, बूढातालाब, लाखनेनगर चौक, रायपुर चौक होते हुए महादेवघाट पहुंची।

