एक्सप्रेस वे पर गर्डर लॉन्चर गिरने से 20 श्रमिकों की मौत

महाराष्ट्र में भीषण हादसा, कई मजदूर दबे

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे निर्माण के तीसरे चरण के दौरान मंगलवार को एक ‘गर्डर लॉन्चर’ गिर जाने से 10 श्रमिकों सहित कम से कम 20 श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 700 टन वजनी, सेगमेंट लॉन्चर (क्रेन) और गर्डर लॉन्चर 35 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। नागपुर को मुंबई से जोड़ने वाली एक्सप्रेसवे परियोजना की निष्पादन एजेंसी एमएसआरडीसी ने कहा कि मृतकों में दो इंजीनियर भी शामिल हैं। ठाणे जिले की पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत के आरोप में दो ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मंगलवार तड़के मुंबई से करीब 80 किलोमीटर दूर शाहपुर तहसील के सरलांबे गांव के पास हुई। हादसे में घायल हुए तीन लोगों को ठाणे के कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने इस घटना की विशेषज्ञों से जांच कराने के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया।मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि 600 किमी लंबे खंड का निर्माण पूरा हो चुका है और इसे यातायात के लिए खोल दिया गया है, जबकि नासिक और ठाणे के बीच शेष 101 किमी लंबे खंड का काम प्रगति पर है। इस मार्ग पर दुर्घटनाओं के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर पिछले छह महीने में हुए सड़क हादसों में कुल 88 लोगों की जान गई है, जिनमें से 25 लोगों की मौत पिछले महीने एक निजी बस के डिवाइडर से टकराने के कारण उसमें आग लगने से हुई थी।

ठेकेदारों के खिलाफ केस

हादसे के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) और 337 के तहत शाहपुर थाने में कंपनी के पुल के निर्माण कार्य से जुड़े दो ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

701 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे

समृद्धि महामार्ग को ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग’ के नाम से जाना जाता है। यह मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है, जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे सहित 10 जिलों से होकर गुजरता है।

00000

प्रातिक्रिया दे