ग्वालियर की रैली में बोलीं प्रियंका गांधी… नेताओं से सवाल कीजिए, चुप मत रहिए

  • मणिपुर हिंसा पर मजबूरी में बोले पीएम मोदी

-‘सिंधिया पर बोल सकती हूं, लेकिन आज मुद्दों की बात करूंगी’

ग्वालियर। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2023 और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रमुख राजनीतिक दल सक्रिय भूमिका में नजर आने लगे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर रहीं।

यहां उन्होंने मंहगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए अग्निवीर योजना और मध्य प्रदेश के कथित पटवारी भर्ती घोटाले का जिक्र कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा बीते तीन सालों में केवल 21 नौकरियां दी हैं। घोटालों और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते प्रियंका गांधी ने कहा कि ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है इसलिए पूरा ध्यान लूट पर है। महाकाल तक को नहीं छोड़ा. प्रियंका गांधी ने दलित, आदिवासी और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का मामला भी उठाया और कहा बीजेपी नेता के बेटे द्वारा बलात्कार की खबरें आती हैं। प्रियंका गांधी ने लोगों से कहा कि नेताओं से सवाल कीजिए, चुप मत रहिए।

सिंधिया पर कसा तंज

ग्वालियर में केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा। बीजेपी नेता सिंधिया की बगावत के बाद पहली बार उनके इलाके में पहुंची प्रियंका गांधी ने कोई हमला तो नहीं बोला, लेकिन उन्होंने कहा, “मैं चाहूं तो सिंधिया जी के लिए बोल सकती हूं कि किस तरह अचानक उनकी विचाराधारा ही पलट गई लेकिन आज मैं आपको भटकाने नहीं आपके मुद्दों की बात करने आई हूं। आपका सबसे बड़ा मुद्दा मंहगाई का है।

मणिपुर हिंसा में मजबूरी में बोले पीएम मोदी

मणिपुर हिंसा को लेकर पीएम मोदी पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “दो महीने से पूरा प्रदेश जल रहा है, मार काट मची है, महिलाओं के साथ भयानक अत्याचार हो रहा है लेकिन कार्रवाई छोड़िए पीएम ने 77 दिन तक एक शब्द नहीं बोला. भयावह वीडियो के वायरल होने के कारण कल मजबूरी में बोले लेकिन उसमें भी विपक्ष शासित राज्यों का नाम लेकर राजनीति घोल दी।”

999

शिवराज सिंह चौहान झूठ की मशीन: कमलनाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार ने मध्यप्रदेश को झूठ की राजधानी बना दिया है। नौजवानों को झूठ बोला, आदिवासियों को झूठ बोला, मां नर्मदा को झूठ बोला, हमारे आदिवासियों को झूठ बोला। मैं पूछना चाहता हूं कि किसको इन्होंने झूठ नहीं बोला। शिवराज सिंह झूठ की मशीन हैं, घोषणाओं की मशीन हैं, घोटालों की मशीन हैं। चुनाव में चार महीने बचे हैं ये मशीन अब डबल स्पीड से चल रही है। यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा। आज चुनाव जब चार महीने दूर है, तो शिवराज सिंह को बहनें याद आ रही हैं। किसान याद आ रहे हैं। 18 साल में आपने क्या दिया। भर्ती घोटाले दिए। महंगाई दी। कोरोना की मौत दी। महाकाल का घोटाला दिया। मध्यप्रदेश में 2500 घोटाले हैं। शिवराज ने माफिया राज दिया है। घर-घर में शराब दी। ये शिवराज की उपलब्धि है। आज हमें एमपी की भविष्य सुरक्षित रखना है। प्रदेश को नई पटरी पर लाना है। मुझे ग्वालियर चंबल के मतदाताओं पर विश्वास है। आप सच्चाई का साथ देंगे तो हम मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रख पाएंगे।

00000

प्रातिक्रिया दे