- हेनले पासपोर्ट इंडेक्स रैंकिंग में भारत अब 80वें पायदान पर
इंट्रो
किसी भी भारतीय को जब किसी दूसरे देश की यात्रा करनी होती है तो उसका पासपोर्ट सबसे अहम डॉक्यूमेंट बन जाता है। दरअसल, कितने देश आपके देश के यात्रियों को कितनी सुविधा दे रहे हैं, वह आपके पासपोर्ट की ग्लोबल रैंक के अनुसार ही तय होता है। ऐसे में जारी हेनले पासपोर्ट इंडेक्स रैंकिंग में भारत अब 80वें पायदान पर पहुंच गया है।
नई दिल्ली। साल 2022 की हेनले पासपोर्ट इंडेक्स रैंकिंग के मुकाबले इस बार भारतीय पासपोर्ट 5 पायदान ऊपर है। भारतीय पासपोर्ट के धारकों को मौजूदा समय में 57 देशों की यात्रा के लिए वीजा अप्लाई की जरूरत नहीं पड़ती है। इन देशों में भारतीयों को वीजा फ्री एंट्री मिलती है, या वीजा ऑन अराइवल की सुविधा दी जाती है। वीजा ऑन अराइवल में यात्रियों को संबंधित देश में पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर ही तुरंत वीजा दे दिया जाता है। इसकी प्रक्रिया भी आसान होती है, जिससे यात्रियों को काफी फायदा भी मिलता है। दूसरी ओर, 177 देश ऐसे भी हैं, जहां जाने के लिए भारतीय नागरिकों को पहले वीजा अप्लाई करना पड़ता है। जांच के बाद ही उन्हें वीजा दिया जाता है। इन देशों में अमेरिका, चीन, जापान, रूस और यूरोपियन यूनियन के भी सभी देश शामिल हैं।
सिंगापुर का पासपोर्ट सबसे ताकतवर
हेनले रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर का पासपोर्ट जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे ताकतवर पासपोर्ट बन गया है। सिंगापुर के पासपोर्ट पर दुनिया के 192 देशों में वीजा फ्री एंट्री दी जाती है। वहीं पिछले 5 साल से नंबर वन रहा जापान अब तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। दूसरी ओर, अमेरिका जो कभी पहले नंबर पर हुआ करता था, अब आठवें नंबर पर पहुंच गया है।
अफगानिस्तान का पासपोर्ट सबसे कमजोर
ताजा रैंकिंग के अनुसार, जहां सिंगापुर का विश्व में सबसे मजबूत पासपोर्ट है तो वहीं अफगानिस्तान का पासपोर्ट सबसे कमजोर है। अफगानिस्तान के बाद लिस्ट में इराक और सीरिया का नंबर आता है। वहीं पाकिस्तान के पासपोर्ट का हाल भी काफी खराब स्थिति में है। पाकिस्तान का पासपोर्ट विश्व का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट है। पाकिस्तान को सिर्फ 33 देशों में ही वीजा फ्री एंट्री मिलती है।
–
भारत से इन 57 देशों के लिए वीजा फ्री या वीजा ऑन अराइवल
म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका, मालदीव, फिजी, थाईलैंड, इंडोनेशिया, भूटान, कंबोडिया, मॉरीशस, कतर, ईरान, जॉर्डन, ओमान, ट्यूनीशिया, जिम्बाब्वे, कजाकिस्तान, अल्बानिया, सर्बिया, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, मकाओ, डोमिनिका, ग्रेनेडा, हैती, जमैका, त्रिनिदाद और टोबैगो, सोमालिया, तंजानिया, टोगो, मोजाम्बिक, रवांडा, सेनेगल, मेडागास्कर, बोलीविया, एल साल्वाडोर, मार्शल आइलैंड, माइक्रोनीशिया, नियू, पलाउ आइलैंड, समाओ, तुवालू, वनुआटू, मोंटेसेराट, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट विंसेट एंड ग्रेनेजियन्स, सैंट लुसिया, लाओस, तिमोर-लेस्ते, गैबॉन, गिनी-बिसाऊ, मॉरिटानिया, सेशल्स, सिएरा लियोन, केप वर्डे आइलैंड, कोमोरो आइलैंड, बुरुंडी।
00000

