—-यमुना में जलस्तर घटा, हिमाचल और उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश
—-रविवार सुबह तक यमुना का वाटर लेवल घटकर 206.02 पर आ गया
—
इंट्रो
उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक के राज्यों में इन दिनों जबरदस्त बारिश हो रही है। दिल्ली में सालों बाद यमुना लाल किले तक पहुंच गई थी। पांच दिनों बाद यमुना नदी का जलस्तर घटने से दिल्लीवासियों ने राहत की सांस ली है। इधर, मौसम विभाग ने पहाड़ों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। इस बीच, छत्तीसगढ़ में 17 और 18 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
—
नई दिल्ली। यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद उत्तरी दिल्ली के लोग अपनी दुकानों और घरों की तरफ लौटने लगे हैं। ये लोग बाढ़ आने के कारण अपने घरों और दुकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। कुछ लोग कश्मीरी गेट के पास मॉनेस्ट्री बाजार में अपनी दुकानों का जायजा लेने के लिए लौटे, जहां पिछले हफ्ते भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी और निवासियों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। बाढ़ के कारण प्रशासन को आईटीओ बैराज के जाम हो चुके द्वारों को खोलने के लिए नौसेना की मदद लेनी पड़ी। नौसेना ने शुक्रवार को बैराज का एक द्वार खोल दिया, जबकि 32 में से चार द्वार अब भी जाम हैं।
रविवार को यमुना नदी का जलस्तर 205.98 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बृहस्पतिवार को रात आठ बजे यह 208.66 मीटर पर था। यमुना नदी में जलस्तर शनिवार को घटना शुरू हुआ था, लेकिन देर शाम को बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव से स्थिति और बिगड़ गई। मौसम विभाग ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया है। पूर्वी भारत और मध्य भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों तक एक्टिव मॉनसून की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, पश्चिमी राज्यों में 17 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में इसमें कमी दर्ज की जाएगी।
पूर्वी भारत की बात करें तो ओडिशा में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होगी। अंडमान व निकोबार में 17-19 जुलाई के बीच बारिश होगी, जबकि सिक्किम में 16 जुलाई को तेज बरसात का अलर्ट है। झारखंड में भी अगले 24 घंटे में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। मध्य भारत में भी पांच दिनों तक बारिश के जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 16 और 18 जुलाई, छत्तीसगढ़ में 17और 18 जुलाई को तेज बारिश होगी।
पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में 18-20 जुलाई के बीच तेज बारिश होगी। इसके अलावा, गुजरात में 19-20 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण भारत के कर्नाटक में 16-20 जुलाई तक तेज बारिश की संभावना है। तेलंगाना में 17-20 जुलाई, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे में 18-20 जुलाई, आंतरिक कर्नाटक में 19 और 20 जुलाई, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में 16 और 17 जुलाई को तेज बारिश होगी।
–
दिल्ली वालों को मिलेगी पीने का पानी
दिल्ली में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी निकाल लिया गया है और मशीनों को सुखाने की प्रक्रिया चल रही है। सब ठीक रहा तो जल्द ही वाटर सप्लाई शुरू हो जाएगी।
हालांकि बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में पानी भर गया। पेड़ों के उखड़ कर गिरने के चलते कई सड़कें ब्लॉक हो गईं। पुलिस ने कई रास्तों पर न जाने की एडवाइजरी जारी की है।
–
हिमाचल में अगले पांच दिन भारी
उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बहुत भारी बारिश होगी। उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहेगी, जबकि हरियाणा-चंडीगढ़ में दो दिनों तक तेज बरसात का अलर्ट है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के इलाकों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश जारी रहने वाली है। पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो 18-19 जुलाई को तेज बरसात होने वाली है।
–
मुंबई के मार्वे बीच पर पांच लड़के डूबे, तीन लापता
मुंबई के मार्वे बीच पर नहाने गए पांच लड़के समुद्र में डूब गए। सभी की उम्र 12 से 16 साल के बीच हैं। घटना सुबह करीब पौने दस बजे हुई, जबकि इसकी खबर पुलिस को साढ़े दस बजे मिली। पुलिस ने कोस्ट गार्ड की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें दो लड़कों को रेस्क्यू कर लिया गया है। तीन लड़के अब भी लापता हैं। समुद्र में करीब आधा किलोमीटर तक उनकी खोज की जा रही है।
–
छत्तीसगढ़ में आज-कल अति बारिश
प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, पेंड्रारोड, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जाांजगीर, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में 17 जुलाई को एक दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी तरह 18 जुलाई को सूरजपुर, बलरामपुर, कोरबा, रायपुर, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में एक दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
000

