मुंबई पुलिस को फोन कर सीमा को पाकिस्तान भेजने की दी चेतावनी
मुंबई। ऑनलाइन वीडियो गेम पबजी खेलते भारतीय युवक के पास पहुंची पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर इस समय सुर्खियों में है। चार बच्चों की मां सीमा और उसके प्रेमी सचिन की प्रेम कहानी देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी छा गई है। सीमा ने साफ कर दिया है कि वह पाकिस्तान नहीं लौटना चाहती है। इधर सीमा के मामले को लेकर मुंबई पुलिस को फोन पर आतंकी हमले करने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की अपराध शाखा जांच में जुट गयी है।
26/11 हमले की दी गयी धमकी
एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया और 26/11 हमले जैसा हमला करने की धमकी दी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को बुधवार को एक धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने पुलिस को धमकी दी कि अगर सीमा हैदर पाकिस्तान नहीं लौटी, तो 26/11 जैसे आतंकवादी हमले के लिए तैयार रहें।
फिलहाल सीमा रह रही सचिन के संग
बता दें कि पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर और उसके भारतीय प्रेमी सचिन मीणा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि दोनों को बाद में जेल से रिहा कर दिया गया। अदालत ने यह भी आदेश दिया कि जब तक मामले की सुनवाई चल रही है तब तक सीमा अपना घर नहीं बदलेगी और सचिन के साथ रहेगी।
पाक नहीं लौटना चाहती सीमा हैदर
पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर वापस अपना देश नहीं लौटना चाहती है। उससे जब इस बारे में पूछा गया, तो उसने कहा, मैं पाकिस्तान लौटने की बजाय अपनी जान दे दूंगी। सचिन भी मेरे बिना नहीं रह सकते। सीमा ने कहा कि वह हिंदू धर्म स्वीकार करेगी। यदि वह पाकिस्तान गई तो उसकी जान खतरे में पड़ जाएगी। एक परचून की दुकान पर काम करने वाले सचिन ने कहा कि वह भी सीमा और उसके बच्चों के साथ केवल ग्रेटर नोएडा में रहना चाहता है।
00

