भीम आर्मी प्रमुख आजाद पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

काफिले पर हमला

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। नगर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यू मांगलिक ने बताया, आजाद बुधवार को देवबंद में अपनी पार्टी के किसी कार्यकर्ता के घर से छुटमलपुर लौट रहे थे, जब उनकी गाड़ी देवबंद क्षेत्र में थी। तभी हरियाणा नम्बर की एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर कई राउंड गोली चलायी, जिससे एक गोली उनके पेट को छूती हुई निकल गई। इस गोलीबारी में कार के शीशे भी टूट गए। मांगलिक ने बताया, घायल चन्द्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद प्राथमिक उपचार देकर जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। अधिकारी ने बताया कि जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है, वहीं सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हमलावरों की तलाश में आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उधर आजाद पर हमले की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों का चिकित्सालय में तांता लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र और वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टांडा भी अस्पताल पहुंचे।

अखिलेश बोले-यूपी में जंगलराज

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजाद पर हमले के आलोक में ट्वीट किया, सहारनपुर के देवबंद में आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज़ाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। भाजपा राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या होगा। उप्र में जंगलराज। सपा के वरिष्‍ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा, चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून व्यवस्था के लिए एक खतरा है। जाग जाओ सरकार।

चंद्रशेखर ने कहा, बहुत डर गया था

चंद्रशेखर आजाद ने बताया- मैं बहुत डर गया था। मुझे याद नहीं है लेकिन मेरे लोगों ने उनकी पहचान की है। उनकी गाड़ी आगे सहारनपुर की तरफ भागी। हमने यू टर्न ले लिया। हमारी गाड़ी अकेली ही थी, कुल 5 लोग थे। हमारे साथी डॉक्टर को भी शायद गोली लगी है। आजाद ने बताया कि हमले के वक्‍त सड़क पर उनकी गाड़ी अकेली थी। हमारे काफिले में और कारें थीं पर पीछे थीं। इस हादसे में मैं काफी डर गया और स्‍थानीय पुलिस और प्रशासन से मदद मांगी थी।

000

प्रातिक्रिया दे