हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भूस्खलन से यातायात अवरूद्ध हो गया। यहां पिछले 20 घंटे में भूस्खलन की दूसरी घटना हुई। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-21 सात मील और चार मील के पास 20 घंटे बंद रहा। सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गईं। इस रूट पर 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। उत्तराखंड में भारी बारिश से बद्रीनाथ हाईवे बह गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि खराब मौसम की वजह से केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है।
–
24 घंटे में 22 की मौत
पिछले 24 घंटों में बारिश से 22 लोगों की मौत की खबर है। मुंबई में दो इमारतों का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। रविवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिजली के खंभे से करंट लगने से एक महिला की जान चली गई। उत्तराखंड में बारिश के चलते तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं यूपी में दीवार गिरने से दो की मौत हुई। हिमाचल में बाढ़ की वजह से 6 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में बिजली गिरने के अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की जान गई।
—
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 25 राज्यों में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में दो दिन भारी बारिश हो सकती है।
00

