- कांग्रेस, टीएमसी सहित विपक्ष ने की शांति एवं सौहार्द की अपील
-गांधी ने कहा, प्रदेश के लोग इस त्रासदी से जरूर उबरेंगे
नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मणिपुर में हिंसा पर दुख जताते हुए बुधवार को कहा कि इसने राष्ट्र की अंतरात्मा पर गहरा आघात किया है। उन्होंने प्रदेश के लोगों से शांति एवं सौहार्द की अपील की और उम्मीद जताई कि पूर्वोत्तर के इस प्रदेश के लोग इस त्रासदी से उबरेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मणिपुर के लोग 50 दिनों से एक बड़ी मानवीय त्रासदी के साक्षी बने हैं.. अप्रत्याशित हिंसा हुई है जिससे लोगों का जीवन तबाह हो गया है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। इसने राष्ट्र की अंतरात्मा पर आघात किया है। उन्होंने कहा, ‘‘अपने प्रियजन को गंवाने वालों के प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।”सोनिया गांधी ने मणिपुर के लोगों से परस्पर विश्वास, शांति और सौहार्द की अपील भी की। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे मणिपुर के लोगों पर बहुत भरोसा और उम्मीद है। वो इस त्रासदी से उबरेंगे।” मणिपुर में मेइती और कुकी समुदायों के बीच एक महीने पहले भड़की हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद हिंसक झड़पें शुरू हो गई थीं। भाषा हक हक माधव
–
मणिपुर से ज्यादा पीएम मोदी के लिए क्या अमेरिका महत्वपूर्ण? : टीएमसी
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस ने मणिपुर में अशांति के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा पर बुधवार को सवाल उठाया। तृणमूल कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर जल रहा है तो क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अमेरिका यात्रा अधिक महत्वपूर्ण है।”, ‘‘100 से ज्यादा लोग मारे गये, 50,000 लोग विस्थापित हो गये और मोदी यात्रा पर हैं।
–
999
मणिपुर ईस्ट फिर गोलीबारी से दहला
इंफाल। मणिपुर के दो क्षेत्रों में रुक-रुककर गोलीबारी होने की सूचना मिली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, मणिपुर ईस्ट के थंगजिंग क्षेत्र में गोलीबारी रुकने से पहले स्वचालित हथियारों से 15 से 20 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि कांगचुप क्षेत्र में गेलजैंग और सिंगडा से भी रुक-रुककर गोलीबारी होने की सूचना मिली है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मंगलवार को रात आठ बजे से रात साढ़े नौ बजे के बीच गेलजैंग और सिंगडा में चार से पांच राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी किसी को निशाना बनाकर नहीं की गई। दोनों जगहों के बीच दो किलोमीटर की दूरी है।” अधिकारी के अनुसार, असम राइफल्स के जवान दोनों जगहों पर पहुंच गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गोलीबारी में कोई हताहत तो नहीं हुआ है।
–
00


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                