हैदराबाद। आंध्र प्रदेश से रूह कंपाने वाली खबर आई है। यहां के बापटला जिले में शुक्रवार को कुछ लोगों ने 10वीं कक्षा के एक छात्र को जिंदा जला दिया। इस वारदात को तब अंजाम दिया गया जब वह ट्यूशन के लिए जा रहा था। पीड़ित की पहचान 15 साल के यू अमरनाथ के रूप में हुई है। पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्र को गंभीर हालत में गुंटूर के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना सुबह तड़के उस समय हुई, जब वह साइकिल से ट्यूशन के लिए जा रहा था। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रेडलापलेम के पास रोक लिया। देखते ही देखते उसके ऊपर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया और फिर आग के हवाले कर दिया। आग लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। दम तोड़ने से अपने बयान में लड़के ने पुलिस को बताया कि वेंकटेश्वर रेड्डी और कुछ अन्य लोगों ने उसे आग के हवाले किया। इस बीच, अमरनाथ के दादा रेड्डैया का कहना है कि हत्या के लिए अमरनाथ की बहन को परेशान करने वाला लड़का जिम्मेदार है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन वह उसके हत्थे नहीं चढ़ रहा है।
00

