23 घायल, कई मकान क्षतिग्रस्त
600 से ज्यादा पेड़ उखड़े
5,120 खंबे क्षतिग्रस्त
4, 600 गांवों में बिजली गुल
3,580 गावों में बिजली की आपूर्ति बहाल
1,000 से अधिक गांवों में अब भी बिजली नहीं
140 किमी की रफ्तार से हवा चली
14 निचले गांवों में समुद्र का पानी भरा
01 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
02 लोगों की नाले में डूबने से मौत
09 पक्के व 20 कच्चे घर टूटे
474 कच्चे घरों को आंशिक नुकसान
65 झोपड़ियां नष्ट हो गईं
चक्रवात ‘बिपरजॉय’ शुक्रवार को गुजरात के तट से टकराया। इस चक्रवाती तूफान की चपेट में आने से करीब 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं एक गढ्ढे में पानी भर जाने के कारण उसमें फंसे 23 पशुओं की तथा उन्हें निकालने गए पिता-पुत्र की मौत हो गई। हालांकि एनडीआरएफ टीम ने कहा है कि बिपरजॉय चक्रवात के कारण किसी की मौत नहीं हुई है। गुजरात के विभिन्न स्थानों पर 600 से अधिक पेड़ और 5 हजार से ज्यादा बिजली के खंभे गिर गए, जिससे लगभग 1000 गांवों में बिजली एवं कई जगह का यातायात बाधित हुआ।
: नई दिल्ली।
ज्ञात हो कि पिछले कई दिनों से सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय’ के कारण तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने से गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र के इलाकों में भारी तबाही हुई है। तूफान से बिजली के 5,120 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और 4,600 गावों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 3,580 गांवों में बिजली की आपूर्ति बहाल हो गई है वहीं 1,000 से अधिक गांवों में अब भी बिजली नहीं है। राज्य के तीन राजमार्गों में टूट-फूट तथा पेड़ गिरने से यातायात बंद हो गया है।कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं एनडीआरएफ ने कहा कि बिपारजॉय से किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है।
आईएमडी के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा चक्रवात बिपरजॉय की तीव्रता गुजरात के तट से टकराने के बाद कम हो गई है। चक्रवात अब समुद्र से जमीन की ओर बढ़ गया है और सौराष्ट्र-कच्छ की ओर केंद्रित है। चक्रवात की तीव्रता घटकर 105-115 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। उन्होंने कहा, 16 और 17 जून को राजस्थान में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है और चक्रवात उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
बिपारजॉय से काफी हद तक बच गया पाकिस्तान
इस्लामाबाद। पाकिस्तान काफी हद तक चक्रवात बिपारजॉय की तीव्रता से बच गया, जो शुक्रवार को गुजरात में तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। कायदे आजत विश्वविद्यालय में पृथ्वी विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. मोनालिसा ने बीबीसी से कहा कि कराची तीन प्लेट (भारतीय, यूरेशियन और अरब) की सीमा पर स्थित है, जो किसी भी तूफान के लिए प्राकृतिक अवरोधक हैं। जलवायु परिवर्तन मंत्री शेरी रहमान ने ट्वीट किया सिंध में सुजावल जैसे तटीय इलाके समुद्री लहरों से जलमग्न हो गए, लेकिन ज्यादातर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था।
पीएम मोदी ने सीएम पटेल से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने गिर वन में शेरों सहित अन्य जंगली जानवरों की सुरक्षा-व्यवस्था के बारे में भी पूछा।
राजस्थान में भारी बारिश, 5 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के पश्चिमी और मध्य भाग में तूफान का सबसे ज्यादा खतरा है। बिपरजॉय तूफान शुक्रवार को राजस्थान पहुंच गया है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। राजस्थान के 5 जिलों में बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट, जबकि 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 18 जून तक इसका असर रहेगा।
परीक्षाएं स्थगित, दो दिन के लिए ट्रेन रद्द
जोधपुर यूनिवर्सिटी ने तूफान के असर वाले इलाकों में 16 और 17 जून को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 17 से 19 जून को हाेने वाले स्टेट ओपन के एग्जाम भी स्थगित कर दिए हैं। रेलवे ने बाड़मेर-जोधपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को दो दिन नहीं चलाने का फैसला किया है।
120 किलोमीटर की स्पीड से आगे बढ़ रहा तूफान
गुजरात तट से टकराने के बाद तूफान की स्पीड बहुत कम हो गई है। अब यह 120 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से आगे बढ़ रहा है। साइक्लोनिक स्ट्रॉर्म से डीप डिप्रेशन में बदलने के बाद इसकी इंटेंसिटी भी लगातार कम हो रही है। देर शाम या रात तक यह डिप्रेशन के रूप में और कमजोर हो जाएगा।
द्वारकाधीश और सोमनाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद
चक्रवाती तूफान के चलते गुजरात के तटीय इलाकों में अभी सभी गतिविधियां निलंबित हैं और बंदरगाहों को बंद किया गया है। इसके अलावा देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर और गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बंद किया गया है। जामनगर एयरपोर्ट पर आज भी सभी व्यावसायिक उड़ानों को रद्द किया गया है। यहां केवल आपातकालीन और बचाव कार्य से जुड़े विमानों के लिए ही एयरपोर्ट खुला रहेगा।
भावनगर में पिता और पुत्र की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात के भावनगर में तूफान के कारण पिता-पुत्र की मौत हो गई। यहां सिहोर शहर के पास स्थित भंडार गांव से गुजरने वाले एक गड्ढे में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के कारण पानी भर गया। बकरियों का एक झुंड इस गड्ढे में फंस गया था और उन्हें बचाने गए 55 साल के रामजी परमार और उनके 22 साल बेटे राकेश परमार की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि 23 बकरियां भी मर गईं।
कई जिलों में भारी नुकसान की आशंका
गुजरात के राहत आयुक्त आलोक पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफान के चलते कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, मोरबी, राजकोट और जूनागढ़ में भारी नुकसान की आशंका है और प्रशासन आज प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा। उन्होंने कहा कि आंकलन के बाद ही तूफान से हुए नुकसान की वास्तविक जानकारी मिलेगी और उन्हें अभी तक 22 लोगों के घायल होने और 23 पशुओं की मौत की सूचना मिली है, जबकि तूफान के चलते कई जगहों पर करीब 600 से ज्यादा पेड़ गिरे हैं।
000000000000000000000000000000
एनडीआरएफ व एडीआरएफ की टीमें तैनात
गुजरात सरकार ने कहा कि 94,000 से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से आश्रय गृहों में स्थानांतरित किया गया है। चक्रवात का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। पश्चिम रेलवे ने बिपरजॉय के कारण गुजरात में लगभग 99 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। यहां राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 18, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की 12, राज्य सड़क और भवन विभाग की 115 टीमें और राज्य बिजली विभाग की 397 टीमें तैनात हैं।
000

