मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के लेपा गांव में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक ही परिवार के छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में अन्य तीन से चार लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लेपा गांव में पूर्व में हुई तीन हत्याओं का बदला लेने यह वारदात की गई है। इसमें हत्या करने वालों ने पुरानी रंजिश का बदला लिया है।
बताया गया कि जमीन विवाद के चलते कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों पर बंदूकों, लाठियों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से संघर्ष हुआ। संघर्ष में गोली लगने से दो महिलाओं समेत छह लोगों की मृत्यु हो गयी और तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। सूत्रों ने कहा कि संघर्ष की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। घटना सिहोनियां थाना क्षेत्र के लेपा-भिड़ौसा गांव की है। यहां पहले दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। इसके बाद एक पक्ष ने बंदूक से 5 को मौत के घाट उतार दिया। हत्या से गांव में दहशत का माहौल है और लोग डरे हुए हैं।
तीन हत्याओं का लिया गया बदला
दोनों पक्षों में जमीन को लेकर पुराना विवाद था और इस मामले में कम से कम तीन हत्याएं पहले भी हो चुकी हैं। आज जिस पक्ष पर हमला किया गया, उन्हीं लोगों ने हमलावर परिवार के तीन लोगों की करीब दस वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी थी। हताहत परिवार पर इन हत्याओं का आरोप है। गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
दोनों पक्षों के बीच 10 साल पुरानी है लड़ाई
के मुताबिक, इस हत्या के पीछे 10 साल पुरानी लड़ाई बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार के लोगों ने आरोपियों के परिवार के लोगों की हत्या की थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठी डंडों से लड़ाई के बीच एक युवक बंदूक लेकर आता है और निशाना लगाकर एक के बाद 5 लोगों को गोली मार देता है।
इन लोगों की हुई मौत
लेपा गांव में जमीन विवाद के दौरान जिन लोगाें की मौत हुई है, उनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं। सभी मृतक रंजीत ताेमर पक्ष के हैं। मरने वालों के नाम लेस कुमारी पत्नी वीरेंद्र सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह है। घायलाें में विनोद सिंह पुत्र सुरेश सिंह तोमर और वीरेंद्र पुत्र गजेंद्र सिंह शामिल हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, इलाका घेरा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित गांव से फरार हो गए। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। वह आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि आरोपित खेतों और बीहड़ों में छिपे हो सकते हैं। पुलिस ने चारों ओर से इलाके को घेर लिया है।
लेपा गांव से डकैत पानसिंह तोमर का संबंध
लेपा गांव तथा उसके पास ही भिड़ोसा गांव है, जो डकैत पान सिंह तोमर का गांव है। दोनों गांवों को लेपा-भिड़ोसा के नाम से जाना जाता है। बताया जाता है कि जमीन विवाद को लेकर ही पान सिंह तोमर डकैत बना था। गौर करने वाली बात तो यह है कि दिमनी से विधायक रविंद्र तोमर का गांव भी भिड़ोसा है। इसलिए यह गांव जिले में अपनी खास पहचान रखता है।
0000

