—
0 देश में हिंसा फैलाने वाले जिहादी संगठनों पर लगना चाहिए प्रतिबंध
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया का कहना है कि भारत में हिन्दुओं को बचाने संघर्ष चल रहा है। पूरे देश में हिन्दुओं का जबरदस्त जागरण हुआ है, फिर भी हिन्दू खतरे में है। उनका कहना है कि देश में हिंसा नहीं होनी चाहिए। जो जिहादी देश में हिंसा कर रहे हैं, उन जिहादी संगठनों पर प्रतिबंध लगना चाहिए। श्री तोगड़िया ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करते हुए कहा कि राम वन गमन पथ विकास सिर्फ छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया गुरूवार को एकदिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बजरंग दल को लेकर सियासत पर कहा कि देश हनुमान जी का है। हनुमान जी की भक्ति सभी दल वाले करते हैं। सभी के घरों में हनुमान जी का चित्र होगा, सभी भक्ति करते होंगे, लेकिन देश में हिंसा नहीं होनी चाहिए। जिहादी देश में हिंसा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि कन्हैया का सिर किसने काटा, श्रद्धा के टुकड़े किसने किए, कश्मीर में टारगेट किलिंग कौन कर रहा है। उड़ीसा के संबलपुर मं् रामनवमी पर हिन्दुओं को किसने मारा। उन जिहादी गतिविधि करने वाले जिहादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में हिन्दुओं का जागरण हुआ है, फिर भी हिन्दू खतरे में है। देश में गौ हत्या, धर्मांतरण और हिन्दू पर हमला हो रहा है। हम चिंतित हैं कि रामनवमी पर ही हमले क्यों होते हैं, हिन्दू ही क्यों मारा जाता है। अभी बचे हुए भारत में हिन्दुओं को बचाने का संघर्ष चल रहा है। गौ हत्या को लेकर उनका कहना है कि गौ हत्या बंदी कानून जब तक देश में नहीं होगा गौ हत्या बंद नहीं होगी, जिस तरह धारा 370 हटाए उसी तरह केन्द्र सरकार गौ हत्या का कानून भी बनाएं। श्री तोगड़िया ने फिल्म द केरल स्टोरी को लेकर कहा कि हिन्दू समाज के लिए ये अलार्म चिंता का विषय है। हमारी बहन बेटियां लव जिहाद से सुरक्षित नहीं है, यह केरल फिल्म का संदेश है। आगे उन्होंने हिन्दू राष्ट्र को लेकर कहा कि हिन्दू राष्ट्र की कल्पना जिसमें कोई हिन्दू भूखा, बिना रोजगार, बिना डाक्टर नहीं रहेगा, किसानों को फसल के दाम मिलेंगे, ऐसी सोच हिन्दू राष्ट्र की है।
——–बाक्स———
—
राम वन गमन पथ के लिए भूपेश की तारीफ
श्री तोगड़िया ने छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार द्वारा राम वन गमन पथ विकास कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे हिंदुस्तान में किसी और ने यह कार्य नहीं किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए भूपेश सरकार के काम को भी अच्छा बताया। उनका कहना है कि हिन्दुओं के लिए अच्छा काम भाजपा वाला करें या कांग्रेस वाले करें, उनकी वाहवाही करनी चाहिए। ऐसा करने से ज्यादा लोग हिन्दुओं के लिए काम करने के लिए आगे आएंगे।
–
साय के कांग्रेस प्रवेश पर यह बाेले
नंदकुमार साय के कांग्रेस प्रवेश के प्रश्न पर श्री तोगड़िया का कहना है कि आजकल कोई भी कांग्रेस वाला भाजपा में आ जाता है और कोई भी भाजपा वाला कांग्रेस में चले जाता है। अब लगता है कि दोनों पार्टी एक-दूसरे को प्यार करने लग गई हैं।
000

