‘मन की बात’ में 830 करोड़ खर्च, गुजरात आप चीफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अहमदाबाद। गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख इसुदान गढ़वी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल, इसुदन गढ़वी ने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर 830 करोड़ रुपए खर्च करने का दावा किया था। इसी ट्वीट को लेकर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गुजरात के आप चीफ इसुदान गढ़वी पर एफआईआर दर्ज किया है। अहमदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक नागरिक से मिली शिकायत के बाद इसुदान गढ़वी पर केस दर्ज किया है। गौरतलब है कि रविवार को पीएम मोदी 100वीं बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के लोगों से जुड़े थे। गुजरात आप चीफ इसुदान गढ़वी ने इस कार्यक्रम के खर्च को लेकर एक ट्वीट किया था। पुलिस ने इसी ट्वीट पर अब केस दर्ज किया है। इसुदान गढ़वी ने अपने ट्वीट में यह दावा किया था कि पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में 830 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। हालांकि उन्होंने यह ट्वीट बाद में डिलीट कर दिया। इसुदान गढ़वी के इसी ट्वीट को लेकर एक नागरिक ने उनके खिलाफ शिकायत की। अब पुलिस ने इसुदान पर केस दर्ज किया है। इसुदान गढ़वी गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के एक कद्दावर नेता हैं। आप के सबसे बड़े नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने साल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में इसुदान गढ़वी को सीएम फेस घोषित किया था। इसुदान गढ़वी चुनाव में खंभालिया सीट से चुनाव लड़े थे।

000

प्रातिक्रिया दे