- गृहमंत्री शाह के बयान पर बोलीं प्रियंका
(फोटो – प्रियंका)
श्रृंगेरी (कर्नाटक)। कर्नाटक के अपने चुनावी दौरे के दौरान, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या कर्नाटक के बेटे-बेटियां अपने प्रदेश को नहीं चला सकते। उन्होंने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि जिस तरह से 1978 में चिकमगलूर के लोगों ने इंदिरा गांधी को यह आत्मविश्वास दिया था कि जनता उनके साथ है, उसी तरह का आत्मविश्वास देश के लोग राहुल गांधी को भी देंगे। प्रियंका गांधी ने यहां एक चुनावी सभा में कर्नाटक की सरकार पर 1.5 लाख करोड़ रुपये की लूट का आरोप लगाया और लोगों का आह्वान किया कि वे कांग्रेस की सरकार बनाएं ताकि उनके हित में काम हो सके। कांग्रेस महासचिव ने अमित शाह का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘सरकार के बड़े-बड़े मंत्री कहते हैं कि यह प्रदेश हमें सौंप दो, वो आपके उम्मीदवारों को आपके सामने खड़ा करके कहते हैं कि इनको मत पूछिये, अपना प्रदेश प्रधानमंत्री जी को सौंप दीजिए। ऐसा क्यों? क्या बसवन्ना जी, नारायण गुरू जैसे महापुरुषों के बेटे और बेटियां अपना प्रदेश नहीं चला सकते?” कांग्रेस ने कर्नाटक में अमित शाह के चुनाव प्रचार का एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह यह कहते सुने जा सकते हैं कि यह विधानसभा चुनाव केवल एक विधायक चुनने के लिए नहीं बल्कि राज्य के भविष्य को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में सौंपने के लिए है।
हिरियूर में किया रोडशो
प्रियंका ने बुधवार को हिरियूर (कर्नाटक)। विशाल रोड शो किया। इस दौरान, सड़कों पर और आसपास के भवनों पर बड़ी संख्या में खड़े लोगों ने उनका अभिवादन एवं स्वागत किया। वाद्रा के साथ पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला एवं स्थानीय पार्टी नेता थे। रोडशो के आखिर में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव कर्नाटक के लिए महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में अपने भविष्य, अपने बच्चों के भविष्य एवं अपने राज्य के भविष्य के लिए मतदान कीजिए।’
00000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                