- कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी
 
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में दिग्विजय सिंह, नवजोत सिद्धू और सचिन पायलट का नाम नहीं है। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका समेत 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में डी के शिवकुमार, सिद्धारमैया, जयराम रमेश, के सी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी शामिल किया है। हाल ही में सचिन पायलट ने राजस्थान सरकार के खिलाफ एक दिन का अनशन रखा था। इससे कांग्रेस पार्टी आलाकमान बेहद नाराज था। पार्टी का कहना था कि अगर पायलट को कोई परेशानी थी तो वो उनसे कह सकते थे। पायलट के खिलाफ प्रदेश प्रभारी कांग्रेस सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। ऐसे में कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस स्टार प्रचारकों की सूची में पायलट को शामिल न किया जाना उनके लिए एक बड़ा संदेश हो सकता है। भारत जोड़ो यात्रा में अहम भूमिका निभानेवाले दिग्विजय सिंह का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं है जबकि इमरान प्रतापगढ़ी, दिव्या स्पन्दना का नाम स्टार प्रचारकों में शामिल है। कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीट के लिए 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी।
भाजपा ने भी जारी की थी लिस्ट
बता दें कि इससे पहले बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत 40 नेताओं के नाम शामिल हैं, जो राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे।
0000

