–
—भाजपा के 44वें स्थापना दिवस समारोह पर बोले प्रधानमंत्री
— भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अन्य चुनौतियों से भारत को मुक्त कराने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध
इंट्रो
भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया तो वहीं विपक्ष पर जमकर हमला भी बोला। पीएम मोदी ने भाजपा की तुलना हनुमान जी से भी की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी दुष्टों का नाश करते हैं और भाजपा भ्रष्टाचार को खत्म करती है।
—
नई दिल्ली। भाजपा के 44वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से मुक्त कराने के उद्देश्य से कड़े कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘बादशाही’ मानसिकता वाले लोगों की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि ऐसे लोग 2014 से ही गरीबों, पिछड़ों और वंचितों का अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा पहले से ही कहा जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘अति आत्मविश्वास’ की भावना से सचेत रहना होगा। उन्होंने कहा, हमें दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना है। लोगों ने अभी से कहना शुरू कर दिया है कि 2024 में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। यह बात सही भी है लेकिन हमें एक भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते इस देश के हर नागरिक का दिल जीतना है। प्रधानमंत्री ने कहा, हमें चुनाव जीतने तक सीमित नहीं रहना है। कोटि-कोटि जनों के दिलों को जीतना हमारा मकसद है। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। अपनी सरकार के खिलाफ इन दलों द्वारा लगाए गए विभिन्न आरोपों का जिक्र किए बिना प्रधानमंत्री ने कहा कि वे अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं और सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ आरोप और साजिशों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे नफरत और हताशा से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा, आज वे इतने हताश हो गए हैं कि उन्होंने खुलेआम यह कहना शुरू कर दिया है कि ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’। उन्होंने कहा कि गरीबों, आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों और महिलाओं सहित अन्य लोगों का समर्थन ‘कमल’ की रक्षा करता रहेगा और इसे खिलने में मदद जारी रखेगा। कमल भाजपा का चुनाव चिह्न है। मोदी ने कहा कि ‘बादशाही’ (सामंती) मानसिकता वाले ये लोग दूसरों के साथ, विशेष रूप से गरीबों और वंचितों के साथ गुलामों के जैसा व्यवहार करते थे, लेकिन इन लोगों को भाजपा ने 2014 से सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा, हमें हर चुनाव उसी तरह लड़ना है जैसे हम 80 के दशक से अभी तक लड़ते आए हैं।
भाजपा ने अपने स्थापना दिवस से 14 अप्रैल को, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर बी.आर. आंबेडकर की जयंती तक, विशेष सप्ताह मनाने का फैसला किया है। पार्टी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मशताब्दी- दिवस के अवसर पर अनेक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी करेगी। छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी। 1984 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जहां मात्र दो सीट ही जीती थीं, वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में उसने 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
–
हनुमान और भाजपा में बताईं समानताएं
इस अवसर पर मोदी ने भगवान हनुमान और भाजपा के बीच समानताएं बताईं और कहा कि पार्टी नि:स्वार्थ सेवा के आदर्शों में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि आत्म संदेह को खत्म करने के बाद भगवान हनुमान की तरह ही भारत अपनी क्षमता का एहसास कर रहा है। मोदी ने कहा, अगर हम भगवान हनुमान का पूरा जीवन देखें तो उनमें ‘कर सकने वाला’ की प्रवृत्ति थी जिसकी वजह से उन्हें बड़ी सफलताएं हासिल हुईं।
–
विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे दलों की संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है। जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। कांग्रेस जैसी पार्टियों की संस्कृति छोटा-छोटा सोचना, छोटे सपने देखना और उससे भी कम हासिल करके खुशियां मनाना है। खुशी मतलब एक दूसरे की पीठ थपथपाना है। भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है बड़े सपने देखना और उससे भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी जान से खप जाना।
–
अब तो निराश लोग कहने लगे- मोदी तेरी कब्र खुदेगी
पीएम मोदी ने कहा कि हम न्याय को जीते हैं, लेकिन ये लोग हजम नहीं कर पा रहे हैं। अपने भ्रष्ट कर्मों का खुलासा होते देख ये लोग निराश हैं और साजिशें रच रहे हैं। अब तो खुलकर धमकियां देने लगे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। बादशाही मानसिकता वाले इन लोगों को पता नहीं है कि देश के गरीब, महिलाएं, पिछड़े और वंचित सभी भाजपा का कमल खिलाने के लिए ढाल बनकर खड़े हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं बीते कुछ दिनों की ही झलक दिखा देता हूं। इस पर हर भारतीय को गर्व होगा।
–
एक सांस में गिनाईं उपलब्धियां
00 जीएसटी लागू होने के बाद एक साल में ही 18 लाख करोड़ का कलेक्शन
00 मार्च महीने में ही यूपीआई से 14 लाख करोड़ का लेनदेन
00 देश ने कोयला उत्पादन और स्टील उत्पादन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए
00 देश से पहली बार 16 हजार करोड़ रुपए के हथियार बेचे गए
00 रेलवे का इलेक्ट्रिफिकेशन का भी रिकॉर्ड बना
–
नड्डा ने फहराया पार्टी का झंडा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यालय पर पार्टी का झंडा फहराया। कार्यकर्ताओं को लगातार आगे बढ़ते रहने का संकल्प दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सेवा के अपने मूल मंत्र को अपनाते हुए देश की जनता की सेवा में लगातार जुटे रहने की बात कही। भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन के जरिए न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने का काम किया, बल्कि इसी के माध्यम से 2024 लोकसभा चुनाव का एजेंडा भी सेट कर दिया।
00

