भाजपा ने बनाई ‘कांग्रेस फाइल्स’ कहा-48,20,69,00,00,000 लूटे

भाजपा ने सीरीज का पहला एपिसोड किया रिलीज

घोटाले और भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली। देश में साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए माहौल अभी से ही बनना शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में भाजपा ने कांग्रेस पर एक फिर नए सिरे से हमला बोला है। भाजपा ने रविवार को ‘कांग्रेस फाइल्स’ के नाम से एक सीरीज का पहला एपिसोड रिलीज किया। सीरीज के पहले एपिसोड में कहा गया, काग्रेस पिछले 70 सालों के शासन में जनता से 48,20,69,00,00,000 रुपए लूटे। इतना पैसा देश की सुरक्षा और विकास जैसे कई अहम मुद्दों के लिए खर्च किया जा सकता था। इस सीरीज में भाजपा ने देश की सबसे पुरानी पार्टी के सत्ता में रहने के दौरान हुए कथित ‘भ्रष्टाचार और घोटालों’ को दिखाने की कोशिश की। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसे रिलीज किया और आम जनता से इसे देखने की अपील की। वीडियो में आगे कहा गया, कांग्रेस की लूटी गई राशि से कम से कम 24 आईएनएस विक्रांत, 300 राफेल जेट और 1000 मंगल मिशन बनाए या खरीदे जा सकते थे। लेकिन देश को कांग्रेस के भ्रष्टाचार की कीमत चुकानी पड़ी और वह प्रगति की दौड़ में पिछड़ गया। 2004 से 2014 तक सत्ता में सबसे पुरानी पार्टी के 10 साल के कार्यकाल को उसके कार्यकाल को खोया हुआ दशक कहा गया। भाजपा ने इस वीडियो को ‘एपिसोड 1’ बताया है, तो ऐसी उम्मीद की जा रही है कि जल्दी ही इसके और भी एपिसोड या पार्ट आएंगे। इससे पहले कांग्रेस ने भी अडानी मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमला बोला था और ‘हम अदानी के हैं कौन’ कैंपेन के तहत कई सवाल उठाए थे।

खोया हुआ दशक

भाजपा ने वीडियो में कहा कि पूरे 70 साल को एक तरफ रखकर, अगर हम केवल 2004-14 के पिछले कार्यकाल को देखें, तो यह एक ‘खोया हुआ दशक’ था। सरकार का नेतृत्व मनमोहन सिंह कर रहे थे, जिन्होंने अपने शासन में होने वाले सभी भ्रष्टाचारों पर आंखें मूंद ली थीं। वीडियो में दावा किया गया है कि कांग्रेस के शासन में अखबार भ्रष्टाचार की घटनाओं से भरे रहते थे, जिसे देखकर हर भारतीय का सिर शर्म से झुक जाता था।

घोटालों का जिक्र

वीडियो में कहा गया है कि 1.86 लाख करोड़ रुपए का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ रुपए का 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, 10 लाख करोड़ रुपए का मनरेगा घोटाला, 70,000 करोड़ रुपए का कॉमनवेल्थ घोटाला, इटली के साथ हेलिकॉप्टर सौदे में 362 करोड़ रुपए की रिश्वत, 12 करोड़ रुपए की रिश्वत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के लिए। वीडियो के आखिर में भाजपा ने कहा, ये कांग्रेस के भ्रष्टाचार की केवल एक झांकी (ट्रेलर) है, फिल्म अभी खत्म नहीं हुई है।

00

प्रातिक्रिया दे