नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही घर से परिवार के छह लोगों की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सभी की मौत दम घुटने से हुई है। हालांकि, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात कमरे में सभी लोग मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर सोए थे। जलता क्वॉइल अचानक बिस्तर पर गिर गया इसके बाद आग सुलगने लगी। इसी दौरान कमरे में धुंआ फैल गया और लोगों की दम घुटने से जान चली गई।
घर में फैल गया जहरीला धुआं
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि शास्त्री पार्क के पास मौजूद मछली मार्केट के करीब बने एक घर में आग लग गई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पाया कि घर के कमरे में मौजूद सभी 9 लोग बेहोश पड़े हैं। बेसुध पड़े लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया वहीं घायल 2 लोगों का इलाज जारी है। 22 साल के घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मरने वालों में 4 पुरुष, एक महिला और बच्चा शामिल है। मृतक बच्चे की उम्र डेढ़ साल बताई जा रही है।
00

