गरीब परिवारों के लिए विवाह एक चुनौती, सरकार ने इसे दूर किया:
सुखमय जीवन के संकल्प के साथ 125 वर-वधुओं के जोड़े ने लिए फेरे
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनाः राजस्व मंत्री, सांसद ने नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद
रायपुर 31 मार्च 2023
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज कोरबा के राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस वन दशहरा मैदान और कटघोरा के कवंर समाज भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजना अंतर्गत दोनों स्थानों पर आज 125 वर-वधू के जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे और सुखमय जीवन का संकल्प लेकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन पुनर्वास, पंजीयन एवं स्टाम्प मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल और सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत सहित अन्य अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि आज जिले में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है, जिसमें सामाजिक, धार्मिक रीति-रिवाज का पालन करते हुए सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब परिवार के लिये अपनी बेटी का विवाह करना बहुत चुनौती से भरा होता है, हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रारंभ कर गरीब परिवारों के चुनौती को दूर करने के साथ उन्हें कर्ज में बोझ में दबने से बचाया है। राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विगत साढ़े चार साल से जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर सभी वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। पात्र हितग्राही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 25 हजार रुपए के स्थान पर 50 हजार रुपए दिए जाने की घोषणा की गई है जिसका लाभ आने वाले समय में जरूरतमंद लोगांे को मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री गरीबों और महिलाओं के बारे में बहुत सोचते हैं, इसलिए राज्य के किसान, मजदूर, गरीब परिवार सहित अन्य जरूरतमंद लोगों की शादी की चिंता को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित किया जा रहा है। जिसका लाभ सभी जरूरतमंद लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जब घर में लड़की पैदा होती थी तब चिंता के साथ कर्ज का बोझ लद जाता था। सामाजिक कुरीतियों और परम्परा के नाम पर खेत, घर, जमीन बिक जाती थीं।
00

