उ. कोरिया के ‘सनकी सुल्तान’ की सनक! 653 गोलियां हुईं गायब तो पूरे शहर में लगा दिया लॉकडाउन

-एक सैन्य वापसी के दौरान 653 गोलियां गायब हो गई थीं।

प्योंग यांग। उत्तर कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन अपनी हरकतों से सुर्खियों में बने रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने एक अजीब सा फरमान दिया है। उन्होंने कथित तौर पर 2 लाख से अधिक लोगों की आबादी वाले उत्तर कोरियाई शहर हेसन में लॉकडाउन लगा दिया है। यह लॉकडाउन किसी बीमारी या कोरोना के कारण नहीं लगाया गया है। दरअसल कुछ समय पहले एक सैन्य वापसी के दौरान 653 गोलियां गायब हो गई थीं। इसी को ढूंढने के लिए किम सरकार ने यह फैसला लिया। रेडियो फ्री एशिया की रिपोर्ट के अनुसार किम जोंग उन ने अधिकारियों को गोलियों के लिए पूरे शहर में तलाशी अभियान चलाने के लिए कहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि शहर में सभी 653 गोलियां मिलने तक लॉकडाउन रहेगा। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि गोलियां 7 मार्च को गायब हुई थीं। इसके बाद जब सैनिकों को अहसास हुआ कि गोलियां गायब हो गई हैं तो इसकी रिपोर्ट करने के बजाय उन्होंने इसे खुद खोजने की कोशिश की।

हालांकि, जब सैनिकों को एहसास हुआ कि उन्हें खुद गोलियां नहीं मिल रही हैं, तो उन्होंने अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद शहर को बंद कर दिया गया था। फिलहाल गोलियों को ढूंढने के लिए सेना के साथ-साथ पुलिस के अधिकारी भी जुटे हुए हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है, ‘पिछले हफ्ते प्रांत में कारखानों में कार्य कर रहे कर्मचारियों, खेतों में काम कर रहे लोगों, सामाजिक समूहों और पड़ोस की निगरानी इकाइयों को गोलियों को ढूंढने से संबंधित जांच में सक्रिय रूप से सहयोग करने के आदेश जारी किए गए थे।

दहशत फैलाने अधिकारी बोल रहे झूठ

रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकारी लोगों के बीच दहशत फैलाने के लिए झूठ बोल रहे थे। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘अधिकारियों ने लोगों को यह झांसा देकर दबाव बनाने की कोशिश की कि यह प्रतिक्रियावादी ताकतों से किम जोंग उन की सुरक्षा से संबंधित एक युद्धाभ्यास है। ’ इससे पहले भी तानशाह किम देश में अजीब फरमान जारी कर चुके हैं। मसलन उनकी बेटी के नाम पर देश में कोई और लड़की अपना नाम नहीं रख सकती है।

00

पीवी सिंधू विश्व रैंकिंग में टॉप 10 से बाहर

नई दिल्ली। पिछले सप्ताह स्विस ओपन में महिला एकल खिताब का बचाव करने में नाकाम रहने के बाद दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू मंगलवार को जारी नवीनतम बीडब्ल्यूएफ (विश्व बैडमिंटन महासंघ) रैंकिंग में दुनिया की शीर्ष 10 स्थान से बाहर हो गईं। सिंधू चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रही। वापसी के बाद वह लय हासिल करने में नाकाम रही। हैदराबाद की 27 वर्षीय खिलाड़ी 60,448 अंकों के साथ दो पायदान नीचे 11वें स्थान पर खिसक गयी है। पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू की सर्वश्रेष्ठ करियर रैंकिंग दो रही है। वह नवंबर 2016 से शीर्ष 10 में बनी हुई थी। वह पहली बार शीर्ष 10 में अगस्त 2013 में पहुंची थी। पुरुष एकल में एचएस प्रणय विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर कायम हैं। जबकि किदांबी श्रीकांत एक पायदान गिरकर 21वें स्थान पर आ गए हैं। लक्ष्य सेन 25वें स्थान पर हैं। स्विस ओपन चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी ने रैंकिंग में छठे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी 18वें स्थान पर बनी हुई है।

000

प्रातिक्रिया दे