नई दिल्ली। क्या एक साल के बाद अब देश में कोरोना की चौथी लहर आने वाली है? रविवार को देश भर में 1805 नए केस मिले हैं, जो बीते 149 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। यही नहीं पहली और दूसरी लहर के दौरान कोरोना का गढ़ बने महाराष्ट्र से एक बार फिर चिंता भरी खबरें हैं। यहां रविवार को ही 397 नए मामले सामने आए हैं यानी देश भर के एक चौथाई केस अकेले महाराष्ट्र से ही मिले हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या तेजी से बढ़ते हुए 10,300 हो गई है। कोरोना का डेली पॉजिटिविटी रेट भी 3.19 फीसदी हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते एक दिन में कोरोना संक्रमण से 4 लोगों की मौत भी हुई है। ये लोग चंडीगढ़, गुजरात, हिमाचल और यूपी के रहने वाले थे। नए केसों के मामले में अन्य राज्यों के मुकाबले महाराष्ट्र में ज्यादा टेंशन दिख रही है। यहां रविवार को 397 नए केस मिले हैं, जबकि उससे पहले शनिवार को भी 437 केस सामने आए थे। अकेले मुंबई में ही 123 नए केस मिले हैं, जबकि ठाणे से 47 मामले मिले हैं। देश भर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार 3 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई है।
लखीमपुर में आए 38 मामले
इस बीच उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में भी रविवार को 38 मामले सामने आए हैं। इनमें से 37 केस तो एक ही स्कूल में पाए गए हैं। पूरे सूबे में कोरोना के 62 केस मिले हैं। यही नहीं पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना के मामलों में तेजी देखी जा रही है। दो सप्ताह के अंदर ही 133 से बढ़कर कोरोना के मामले 415 हो गए हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा 98 केस शिमला हैं और 95 मामले मंडी में हैं। 64 केस कांगड़ा में हैं। कर्नाटक में कोरोना के 109 मामले सामने आए हैं, जबकि 168 नए मामले गुजरात में दर्ज किए गए हैं।
000

