मुंबई। लंदन से मुंबई आ रही एअर इंडिया की उड़ान में सवार एक यात्री को कथित तौर पर शौचालय में धूम्रपान करने और अशिष्ट व्यवहार करने के आरोप में सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया। इस मामले में आरोपी रत्नाकर करुणकांत द्विवेदी के खिलाफ संबंधित अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि 10 मार्च को हुई इस घटना की सूचना नागर विमानन महानिदेशालय को दे दी गई है। एअर इंडिया ने कहा, 10 मार्च को लंदन-मुंबई की हमारी उड़ान एआई130 का एक यात्री शौचालय में धूम्रपान करता पाया गया। इसके बाद बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उसने अशिष्ट और आक्रामक व्यवहार किया। विमान के मुंबई पहुंचने पर उसे सुरक्षा कर्मियों को सौंप दिया गया। एयरलाइन ने कहा, नियामक को घटना के बारे में विधिवत सूचित कर दिया गया है। बयान में कहा गया है, हम मामले को लेकर जारी जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया को इस साल जनवरी में दो बार विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए द्वारा अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यात्रियों के अशिष्ट व्यवहार की दो अलग-अलग घटनाओं की सूचना नहीं देने के लिए दंडित किया गया था। एयरलाइन ने रविवार को बयान में कहा, एअर इंडिया यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी व्यवहार के लिए बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति का पालन करती है।
–
बांधने पड़े हाथ पैर
यात्री करुणकांत पर यह भी आरोप है कि वह सभी क्रू मेंबर्स पर चिल्लाने लगा। इसके बाद उसे जैसे-तैसे पकड़कर सीट पर बिठाया गया, लेकिन वह सीट पर बैठने से मना करने लगा और फ्लाइट के दरवाजे के पास गया। इसके बाद उसने फ्लाइट के गेट को खोलने की कोशिश की। इसके बाद विमान के यात्री डर गए और इस कारण मजबूरन आरोपी शख्स के हाथ पैर को बांधना पड़ा और फिर उसे सीट पर बिठाया गया।
—
भारतीय मूल का अमेरिकी नागरिक
पुलिस ने बताया कि आरोपी रत्नाकर करुणकांत द्विवेदी भारतीय मूल का है। लेकिन वह अमेरिका का नागरिक है और उसके पास अमेरिकी पासपोर्ट भी है। आरोपी के मेडिकल टेस्ट के लिए सैंपल लेकर लैब भेज दिया गया है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि यात्रा के दौरान क्या वह शख्स नशे में था या फिर मेंटली डिस्टर्ब था।
000

