राहुल बोले- भारत का लोकतंत्र खतरे में, मेरे फोन टेप होते हैं, भाजपा बोली- पेगासस घुस गया है उनके दिमाग में

कैम्ब्रिज में मोदी पर भड़के राहुल, कोर्ट और मीडिया पर केंद्र सरकार का कब्जा

होती है मेरी जासूसी, कोर्ट और मीडिया पर भी हुआ कब्जा

नई दिल्ली। ब्रिटेन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने दावा किया है कि भारत में उनकी जासूसी होती है। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि देश में सरकार का मीडिया और न्यायपालिका पर नियंत्रण है। साथ ही उन्होंने ‘भारतीय लोकतंत्र पर हमले’ की बात कही। राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने कहा कि पेगासस राहुल गांधी के दिमाग में घुस गया है। राहुल को झूठ बोलने और भारत को बदनाम करने की आदत है।

कैम्ब्रिज जज बिजनेस स्कूल (कैम्ब्रिज जेबीएस) के विजिटिंग फैलो राहुल ने ‘लर्निंग टू लिसेन इन इन 21 सेंचुरी’ था। इस दौरान उन्होंने कहा, दुनिया में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए नई सोच की जरूरत है। साथ ही ये भी कहा कि इसे किसी पर थोपा न जाए.

उन्होंने कहा, ‘भारतीय लोकतंत्र खतरे में है। हम लोकतंत्र को हमले से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने सरकार पर मीडिया और न्यायपालिका पर नियंत्रण के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों पर हमले करती हैं और असंतोष को दबा देती है। उन्होंने कहा, ‘आपने अल्पसंख्यकों पर हमलों, प्रेस पर हमलों के बारे में सुना होगा। तो आपको समझ आ रहा होगा कि क्या हो रहा है।’

मोदी सरकार की दो नीतियों को सराहा

प्रतिष्ठित कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी से पूछा गया था कि क्या वे मोदी सरकार की उन नीतियों के बारे में बता सकते हैं, जिनसे भारतीय जनता को फायदा पहुंचा है. इस पर राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को मुफ्त सिलिंडर देने वाली उज्ज्वला स्कीम और लोगों के बैंक अकाउंट खुलवाना अच्छा कदम है।

विपक्षियों की निगरानी व धमकाना

उन्होंने कहा, ‘बातचीत भी हमले का शिकार है। आप यहां संसद के बाहर ली गई तस्वीर को देख सकते हैं, जहां विपक्षी नेता मुद्दे को उठा रहे हैं और हमें बंद कर दिया गया और जेल में डाल दिया गया। यह तीन-चार बार हुआ और वह भी हिंसक तरीके से।’ साथ ही कांग्रेस नेता ने सरकार पर निगरानी, धमाकाने के आरोप भी लगाए हैं।

पेगासस के जरिए की जाती है जासूसी

जासूसी के आरोपों पर उन्होंने कहा, ‘मेरे खुद के फोन में पेगासस था। बड़ी संख्या में राजनेताओं के फोन में पेगासस था। फोन पर बात करने के दौरान मुझे सावधान रहने के लिए कहा गया।’ बीते साल देश में स्पाइवेयर पेगासस का मुद्दा जमकर गर्माया हुआ था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा और संसद में भी इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था।

भारत जोड़ाे यात्रा में मिले आतंकवादी

राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लंबी चर्चा की। कश्मीर के बारे में बताते हुए राहुल ने कहा घाटी में एक व्यक्ति करीब आया उसने कुछ लड़कों की तरफ दिखाकर बताया कि वो उग्रवादी हैं। उन लड़कों ने मुझे घूर कर देखा लेकिन कुछ कर नहीं पाए। राहुल ने कहा कि वे लोग हिंसा करने नहीं बल्कि हमारी बात सुनने आए थे। यह लोगों की बात सुनने और अहिंसा की ताकत है।

सिखों, मुस्लिमों को दूसरे दर्जे का नागरिक समझते हैं मोदी

राहुल ने पीएम मोदी पर अल्पसंख्यकों को दूसरे दर्जे का नागरिक समझने का आरोप लगाते हुए कहा, यहां मेरे सामने एक सिख बैठे हैं। वो भारत से आते हैं। भारत में मुसलमान हैं। भारत में ईसाई हैं। वे सभी भारतीय हैं। नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं मानते। नरेंद्र मोदी उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक मानते हैं। मैं उनसे सहमत नहीं हूं। भारत राज्यों का एक संघ है। अगर एक यूनियन पर आप कोई विचार थोपने की कोशिश करेंगे तो उसका रिएक्शन होगा।

मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा है : भाजपा

राहुल गांधी की ओर से पेगासस के जरिए जासूसी कराए जाने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पेगासस कहीं और नहीं बल्कि उनके दिमाग में बैठा है। पेगासस पर राहुल गांधी की क्या मजबूरी थी कि उन्होंने अपना फोन जमा नहीं करवाया। उन्होंने और अन्य नेताओं ने अपना फोन क्यों नहीं जमा करवाया। पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ा है और ये बड़े-बड़े नेता कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इटली की पीएम ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में क्या कहा, राहुल गांधी को सुनना चाहिए।उन्होंने कहा कि देश को बार-बार बदनाम करने की ये कोशिश, जो विदेशी धरती से होती है, ये अपने आप में प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है कि कांग्रेस का एजेंडा क्या है? ठाकुर ने कहा, राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर होहल्ला मचाने का काम कर रहे हैं। पेगासस उसके दिमाग में है।

000

प्रातिक्रिया दे