भाजपा मुख्यालय से पीएम का विपक्ष पर हमला
—
पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल रहा। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के बाद पीएम मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता ने हमें और हमारे सहयोगियों को आशीर्वाद दिया है। आम जनता को नमन करने का एक और अवसर आया है। आज के नतीजे यह दिखाते हैं कि भारत में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक व्यस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की सरकारों को पूर्वोत्तर की चिंता नहीं थी। प्रधानमंत्री ने कहा, इन राज्यों की जनता ने हमारे साथी सहयोगियों को भरपूर आशीर्वाद दिया है। दिल्ली में भाजपा के लिए कार्य करना कठिन नहीं है लेकिन पूर्वोत्तर में हमारे कार्यकर्ताओं ने दोगुनी मेहनत की है, उनके मेहनत की मैं सराहना करता हूं और धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा, यह चुनाव दिलों की दूरी समाप्त होने के साथ नई सोच का प्रतिबिंब है। अब पूर्वोत्तर न ही दिल्ली से दूर है और न ही दिल से दूर। यह नया युग और नया इतिहास रचे जाने का पल है। चुनाव जीतने से ज्यादा मुझे संतोष है कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में बार-बार नॉर्थ ईस्ट जाकर के लोगों के दिलों को जीता।
उन्होंने आगे कहा, हमारे कुछ शुभचिंतक भी हैं जिन्हें इससे तकलीफ है कि आखिर भाजपा के जीतने का राज क्या है? अभी तक के परिणाम तक मैंने टीवी तो नहीं देखी और यह भी नहीं देखा कि ईवीएम को गाली पड़नी शुरू हुई है या नहीं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कुछ लोग मोदी की कब्र खोदने की साजिश करते हैं, लेकिन कमल खिलता ही जा रहा है, खिलता ही जा रहा है। कुछ लोग बेईमानी भी कट्टरता से करते हैं। बेईमान कह रहे हैं मर जा मोदी। जनता कह रही है मत जा मोदी। कांग्रेस ने अपनी नफरत को जगजाहिर कर दिया है।
000

