‘आप’ की शैली बनीं दिल्ली की महापौर

84 दिन बाद चुनाव, 38 दिन के लिए पद

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के करीब ढाई महीने बाद महापौर चुनाव में आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी की रेखा गुप्ता को हरा दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने नतीजों को दिल्लीवासियों की जीत करार दिया और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘गुंडे’ हार गए। ओबेरॉय ने गुप्ता को 34 मतों के अंतर से हराया। चुनाव में संख्या बल आप के पक्ष में था, जिसे कुल 274 मतों में से भाजपा के 113 मतों के मुकाबले 150 मत मिले। दो मत निर्दलीय पार्षदों के थे। ओबेरॉय को उनकी पार्टी के हिसाब से सभी मत मिले, जबकि भाजपा को अपनी कुल संख्या के मुकाबले तीन मत अधिक मिले। निर्वाचक मंडल में निर्वाचित पार्षदों के 250 वोट, भाजपा के सात लोकसभा सदस्य और दिल्ली से आप के तीन राज्यसभा सदस्य और 14 विधायकों के वोट शामिल थे। विधायकों में आप के 13 और भाजपा के एक विधायक के वोट थे। एमसीडी सदन में कांग्रेस के नौ पार्षद हैं। चुनाव परिणाम घोषित करते हुए पीठासीन अधिकारी एवं भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने मतदान प्रक्रिया से अनुपस्थित रहने वाले आठ पार्षदों के नामों की घोषणा की। ये सभी पार्षद कांग्रेस के थे। निर्वाचित होने के बाद ओबेरॉय ने कहा, मैं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दिल्ली के लोगों को धन्यवाद देती हूं। अगले तीन दिन में हम यहां लैंडफिल साइट का निरीक्षण करेंगे। सभी पार्षद आज से काम करेंगे। 10-गारंटी कार्यक्रम पर हमारा ध्यान रहेगा। मैं न्यायपालिका का भी शुक्रिया अदा करना चाहती हूं।

पहली महिला महापौर

दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राध्यापक ओबेरॉय एकीकृत दिल्ली नगर निगम की पहली महापौर हैं। भाजपा की गुप्ता को 116 मत मिले, जो उनकी पार्टी के कुल मतों से तीन अधिक हैं। एमसीडी सूत्रों ने दावा किया कि उन्हें निर्दलीय पार्षदों और कांग्रेस पार्षद के भी दो वोट मिले। दिल्ली को चौथे प्रयास में महापौर मिला क्योंकि उपराज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्यों को मतदान का अधिकार दिए जाने को लेकर हंगामे के बीच पूर्व में चुनाव ठप हो गया था।

केजरी बोले- गुंडे हार गए, जनता जीत गई

दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘गुंडे हार गए, जनता जीत गई। दिल्ली नगर निगम में आज दिल्ली की जनता की जीत हुई और गुंडागर्दी की हार। शैली ओबेरॉय के महापौर चुने जाने पर दिल्ली की जनता को बधाई। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी जीत पर ओबेरॉय और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

000000

प्रातिक्रिया दे