बीबीसी दफ्तरों के बाहर बढ़ाई सुरक्षा बढ़ाई

दूसरे दिन भी ‘सर्वे ऑपरेशन’

नई दिल्ली। बीबीसी (ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) इंडिया के खिलाफ आयकर विभाग का ‘सर्वे ऑपरेशन’ बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। ऐसा माना जा रहा है कि आयकर विभाग के अधिकारी संगठन के इलेक्ट्रॉनिक एवं कागज आधारित वित्तीय आंकड़ों की प्रतियां बना रहे हैं। इस सर्वे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस चल रही है। इसी बीच दिल्ली में बीबीसी दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली में केजी मार्ग पर स्थित बीबीसी कार्यालय के बाहर आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की गई है। हिंदू सेना के प्रदर्शन के बाद बीबीसी दफ्तर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई। आयकर विभाग ने कथित कर अपवंचना की जांच के तहत दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों तथा दो अन्य संबंधित स्थानों पर मंगलवार को ‘सर्वे ऑपरेशन’ शुरू किया था। अधिकारियों ने बताया कि आयकर विभाग के कर्मचारी मंगलवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे बीबीसी के कार्यालय पहुंचे और वे अब भी वहां मौजूद हैं। कर अधिकारी बीबीसी के वित्त और कुछ अन्य विभागों के कर्मचारियों से बात कर रहे हैं, जबकि अन्य कर्मचारियों एवं संवाददाताओं को मंगलवार रात जाने की अनुमति दे दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ कंप्यूटर और मोबाइल फोन के ‘क्लोन’ बनाए गए हैं।

विपक्षी दलों ने केंद्र पर किया हमला

इधर, आईटी की कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ये भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का राजनीतिक प्रतिशोध है। ममता बनर्जी ने ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। यह भाजपा सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार के अनुसार ये (बीबीसी और कई अन्य मीडिया हाउस) संस्थान राष्ट्रविरोधी हैं, क्योंकि इन्होंने सच लिख दिया। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सत्ता का हथौड़ा मारा जा रहा है। हम इसका विरोध करते हैं।

बीबीसी ने अपने कर्मचारियों से यह कहा

अब बीबीसी ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नया मेल जारी किया है. इस मेल में सभी लोगों से जारी सर्वे में सहयोग करने के लिए कहा गया है। इसमें सभी से आईटी अधिकारियों का सपोर्ट करने और उनके सवालों का व्यापक जवाब देने के लिए कहा गया है। मेल में साफ-साफ शब्दों में कहा गया है कि सभी कर्मचारी पर्सनल इनकम पर पूछे जाने पर सवालों के जवाब देने से परहेज कर सकते हैं। उन्हें वेतन से जुड़े अन्य सवालों का जवाब देना चाहिए। इसके साथ ही केवल ब्रॉडकास्टिंग डिपार्टमेंट को ऑफिस बुलाया गया है. बाकी सभी से वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है।

000

प्रातिक्रिया दे