लाल चौक पर राहुल ने फहराया तिरंगा, कहा-पहले की तरह लागू हो ‘370’

—जम्मू-कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा, सीएम भूपेश-टीएस समेत छग के कई नेता भी हुए शामिल

–राहुल बोले-विपक्ष में मतभेद हैं, लेकिन वह साथ खड़ा होगा और लड़ेगा

भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी ने श्रीनगर में लाल चौक के ऐतिहासिक घंटाघर पर कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यहां राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। आर्टिकल 370 पर उन्होंने कहा हम जम्मू-कश्मीर में पहले की तरह राज्य की व्यवस्था की बहाली चाहते हैं। इसमें लद्दाख भी शामिल है।

श्रीनगर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि विपक्ष में मतभेद हैं, लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ एक साथ खड़ा होगा और लड़ेगा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के तहत पदयात्रा की समाप्ति के बाद संवादादाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि एक तरफ कांग्रेस का नजरिया है और दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस का अहंकार एवं नफरत का नजरिया है। राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता से जुड़े सवाल पर कहा, आप किस आधार पर कह रहे हैं कि विपक्ष बिखर चुका है। विपक्षी एकता बातचीत और एक दृष्टिकोण के बाद आती है। यह कहना सही नहीं है कि विपक्ष बिखरा हुआ है। मतभेद हैं, लेकिन विपक्ष साथ खड़ा होगा, लड़ेगा। उनका कहना था, यह विचारधारा की लड़ाई है।एक तरह भाजपा और आरएसएस की विचारधारा है, दूसरी तरफ गैर भाजपा और गैर आरएसएस ताकतें हैं। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब सोमवार को यात्रा के समापन समारोह के लिए कांग्रेस ने 20 से अधिक विपक्षी दलों को निमंत्रण दिया है। हालांकि कई दलों ने इसमें शामिल होने में अपनी ओर से असमर्थता जताई है। यात्रा के संदर्भ में राहुल गांधी ने कहा, मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। लाखों लोगों से मिला। यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ने का था, नफरत और हिंसा के खिलाफ यह यात्रा थी। जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली है। उन्होंने यह भी कहा, किसान, मजदूर, बेरोजगार युवाओं की आवाज सुनने को मिली। मेरे लिए यह शायद यह जिंदगी का सबसे सुंदर अनुभव रहा। राहुल ने कहा, इस यात्रा ने एक वैकल्पिक नजरिया दिया है। भाजपा आरएसएस ने नफरत और अहंकार का नजरिया दिया है। अब हिंदुस्तान के सामने ये दो रास्ते ही नहीं, जीने के तरीके भी हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि जम्मू कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा और लोकतान्त्रिक प्रक्रिया बहाल होनी चाहिए। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का 4,080 किलोमीटर के सफर के बाद श्रीनगर में कल 30 जनवरी को संपन्न होगी। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई ये यात्रा देश भर के विभिन्न राज्यों के 75 जिलों से होकर गुजरी।

ऐसी भारत जोड़ो यात्रा

7 सितंबर को कन्याकुमारी शुरू

4,080 किमी का सफर

75 जिलों से होकर गुजरी

30 जनवरी को कश्मीर में समापन

कश्मीर में हालात अच्छे तो शाह क्यों नहीं करते यात्रा

राहुला गांधी ने कहा कि यहां टारगेट किलिंग हो रही है। धमाके हो रहे हैं। अगर प्रदेश में हालात दुरस्त हैं तो गृहमंत्री अमित शाह जम्मू से कश्मीर तक पैदल यात्रा क्यों नहीं करते। यात्रा से बहुत कुछ सीखा राहुल गांधी ने कहा, मैंने बहुत कुछ सीखा है, लाखों लोगों से मिला हूं। उनसे बात की है। मेरे पास इसका वर्णन करने के लिए शब्द नहीं हैं। यात्रा का लक्ष्य भारत को एक करना था।


कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीनगर के लाल चौक आयोजन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को श्रीनगर में लाल चौक के ऐतिहासिक घंटाघर पर कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराने के लिए घंटाघर की ओर रवाना होने से पहले राहुल ने सोनावर में यात्रा से 30 मिनट का विश्राम लिया और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मौलाना आज़ाद रोड स्थित मुख्यालय पहुंचे। लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान राहुल की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा तथा पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के नेता वहां मौजूद थे। दस मिनट के इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता थी।

महबूबा बोलीं- राहुल ने ‘अलग परिस्थितियों’ में तिरंगा फहराया

पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यहां ‘अलग परिस्थितियों’ में तिरंगा फहराया है, जब जम्मू-कश्मीर सैन्य दुर्ग में तब्दील हो गया है। संविधान द्वारा प्रदत्त भरोसे को भाजपा द्वारा ध्वस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने कश्मीर में पहली बार वर्ष 1948 में तिरंगा फहराया था, तब लोगों का हुजूम इस जश्न को मनाने के लिए जमा हुआ था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू की कोशिशों से मुस्लिम बहुल जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय सुनिश्चित हुआ। उन्होंने कहा, उन्होंने कश्मीरियों को भरोसा दिया कि उनकी धार्मिक पहचान ही नहीं बल्कि भारत में उनकी संस्कृति संरक्षित रहने संबंधी चिंताओं को दूर किया जाएगा।

00

प्रातिक्रिया दे