—बड़ी वारदात को दे सकते हैं अंजाम, फोर्स ने बढ़ाई सर्चिंग
धमतरी। पांच नक्सलियों की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए नक्सल संगठन मौके की तलाश में है। उधर, पुलिस को नक्सल गतिविधियों की भनक लग गई है, जिसके चलते वनांचल में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। जिला पुलिस और फोर्स के अधिकारी भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में घुसकर सर्चिंग कर रहे हैं।
एक बड़ी घटना को छोड़ दिया जाए तो नक्सली वारदात के मामले में धमतरी जिला शांत है। नक्सली धमतरी के वनांचल को कॉरीडोर के रूप में उपयोग करते हैं। ओडिशा, गरियाबंद, बस्तर तक आने-जाने के लिए नक्सलियों ने यह सुरक्षित रास्ता था। 15 दिन पहले पुलिस ने एक हार्डकोर महिला नक्सली सहित 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में नक्सलियों को यह कॉरीडोर अपने हाथ से निकलता दिखाई दे रहा है। अब वे पांच नक्सलियों की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में हैं। इसकी भनक पुलिस को भी लग गई है। 50 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में फोर्स लगातार सर्चिंग कर रही है। डीएसपी नक्सल अपरेशन और सीआरपीएफ के कमांडर खुद भी सर्चिंग कर रहे हैं।
चार संगठन सक्रिय
जिले में चार नक्सली संगठन सक्रिय है। सीतानदी एरिया कमेटी, मैनपुर डिविजन कमेटी, गोबरा दलम और नगरी एरिया कमेटी। जिस महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह मैनपुर डिविजन कमेटी के सचिव संग्राम सिंह उर्फ मुरली उर्फ मल्लाराजी रेड्डी की पत्नी है। महिला का नाम कमला बाई मट्टामी उर्फ सगुना उर्फ बिटा जगना है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नगरी, सिहावा, बोराई, खल्लारी और मेचका थाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त बहीगांव और खल्लारी में सीआरपीएफ का कैंप भी लगा हुआ है। ये थाने और कैंप नक्सलियों के टारगेट में है।
हाई अलर्ट में पुलिस
धमतरी में नक्सली पहले भी बड़ी घटना को अंजाम दे चुके हैं। मादागिरी पहाड़ी के नीचे एंबुश लगाकर पुलिस जवानों को निशाना बनाया था, इस घटना में कांकेर जिले में तैनाते 11 जवान शहीद हो गए थे। ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस विभाग में हाई अलर्ट है। पुलिस के जवान 24 घंटे सर्चिंग कर रहे हैं।
–
यह भी है कारण
गिरफ्तार नक्सलियों से पुलिस पूछताछ कर रही थी। पुलिस ने गिरफ्तारी का खुलासा नहीं किया था। इस बीच मीडिया को खबर लग गई। अखबारों में खबर छपने से नक्सली अलर्ट हो गए हैं। गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के दौरान मिले क्यू अब पुलिस के काम नहीं आ रहा है। ऐसे में पुलिस नक्सली नेटवर्क को तोड़ने के लिए पूरे क्षेत्र की सर्चिंग कर रही है।
–
वर्जन
रूटीन में चल रहा काम
सर्चिंग पुलिस का रूटीन वर्क है, इसी के तहत सर्चिंग लगातार चल रही है। पुलिस जवान पहले भी वनांचल में सर्चिंग करते थे, अब भी कर रहे हैं। इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं है।
–प्रशांत ठाकुर, एसपी धमतरी
000

