हिमाचल में बोले राहुल- ‘संसद में बोलने पर बंद कर दिए जाते हैं माइक’

-भाजपा पर साधा निशाना

(फोटो : राहुल)

शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल प्रदेश पहुंच गई है। हिमाचल पहुंचकर राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी हम संसद में बोलने की कोशिश करते हैं, हमारे माइक बंद कर दिए जाते हैं। हमने नोटबंदी, जीएसटी और अग्निवीर के मामले पर बोलने की कोशिश की। लेकिन हमें बोलने ही नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि क्या प्रेस ने बेरोजगारी या अग्निवीर का मुद्दा उठाया? क्या किसानों के काले बिल पर मीडिया बोला? मीडिया पीएम मोदी, बॉलीवुड स्टार को दिखाता है, असल मुद्दा नहीं उठाता।

राहुल के नेतृत्व में यात्रा ने हिमाचल प्रदेश के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मानसर में प्रवेश किया। यहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रिमंडल के सदस्यों और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया। भारत जोड़ो यात्रा कांगड़ा जिला के इंदौरा क्षेत्र के मानसर टॉल प्लाजा से मलोट गांव तक लगभग 24 किलोमीटर पैदल यात्रा तय कर 19 जनवरी 2023 को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। –

कश्मीर में एंट्री से पहले झटका, नाराज प्रवक्ता का इस्तीफा

कश्मीर पहुंचने से पहले ही राहुल गांधी की पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां पर कांग्रेस की प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने बीजेपी के पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति देने के बाद इस्तीफा दे दिया है। दीपिका ने कहा, लाल सिंह के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के प्रस्ताव और कांग्रेस की अनुमति के मद्देनजर, मेरे पास कांग्रेस से इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। लाल सिंह 2018 में कठुआ बलात्कार मामले में बलात्कारियों का खुलकर बचाव करने के लिए जिम्मेदार थे।’

प्रातिक्रिया दे