भाई को भाई के खिलाफ किया जा रहा खड़ा : राहुल

  • भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता ने साधा भाजपा पर निशाना

होशियारपुर (पंजाब)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में नफरत और डर फैलाया जा रहा है तथा भाई को भाई के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। गांधी ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दोहराया कि उनकी यात्रा नफरत के बाजार में प्रेम की दुकान खोल रही है। गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान यहां एक सभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मान को किसी के ‘रिमोट कंट्रोल’ में नहीं रहना चाहिए और उन्हें स्वतंत्र रूप से राज्य चलाना चाहिए। पंजाब को पंजाब से चलाया जाना चाहिए, इसे दिल्ली से नहीं चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहना चाहता हूं कि आप पंजाब के मुख्यमंत्री हैं, पंजाब को पंजाब से ही चलाया जाना चाहिए। भगवंत मान को (अरविंद) केजरीवाल जी और दिल्ली के दबाव में नहीं आना चाहिए।” भगवंत मान को विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जिनका आरोप है कि पंजाब सरकार के सभी बड़े फैसले दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लिए जा रहे हैं। गांधी ने कहा कि यात्रा को जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

‘यात्रा’ पंजाब के आदमपुर से फिर शुरू

जलंधर (पंजाब)। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सोमवार को पंजाब में यहां आदमपुर से फिर से शुरू हुई और कड़ाके की ठंड के बावजूद सैकड़ों लोगों ने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। काला बकरा इलाके से शुरू हुई पदयात्रा में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत पार्टी के कई नेताओं को गांधी के साथ चलते हुए देखा गया। यह यात्रा आज होशियारपुर जिले में प्रवेश करेगी और रात को उड़मुड़ टांडा में विश्राम करेगी। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी, जहां राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में तिरंगा फहराएंगे। यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होकर गुजर चुकी है। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के शनिवार को निधन के कारण यह यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित कर दी गयी थी।

000

प्रातिक्रिया दे