- जालंधर के खालसा कॉलेज से दोबारा शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा
- (फोट)
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार दोपहर तीन बजे जालंधर के खालसा कॉलेज से दोबारा शुरू हो गई। भारत जोड़ो यात्रा शहर के बीच रेलवे स्टेशन के पास से निकलती हुई पठानकोट चौक तक गई। इससे पहले राहुल ने देवी तालाब मंदिर में माथा टेका, जहां पर मंदिर प्रधान शीतल विज ने उनका सम्मान किया और माता की चुन्नी भेंट की। राहुल से सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी मिले, यह मुलाकात अमरिंदर राजा वडिंग ने खालसा कालेज में करवाई।
यात्रा को शुरू करने से पहले राहुल गांधी दोपहर 2 बजे श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने माथा टेका। इसके बाद वह यात्रा के लिए रवाना हो गए। सांसद चौधरी संतोख सिंह के अचानक हार्ट अटैक से निधन के बाद 24 घंटे के लिए यात्रा रोक दी गई थी। इस यात्रा को रविवार सुबह एलपीयू से शुरू किया जाना था लेकिन सांसद संतोख सिंह की मौत के कारण संस्कार के बाद दोपहर तीन बजे खालसा कॉलेज से शुरू किया गया। बलकौर सिंह राहुल गांधी से मिल कर लौट गए। उनका कहना था कि उनको दिल की समस्या थी, जिस कारण स्टंट डलवाना पड़ा। वह ज्यादा पैदल नहीं चल पाएंगे। राहुल ने बलकौर सिंह को सांत्वना देते हुए कहा कि वह हमेशा उनके साथ खड़े हैं। बलकौर सिंह ने कहा कि पंजाब के लोगों के कारण ही वह इतना बड़ा सदमा सह सके हैं। सभी को यही लगा कि उनके घर का जी चला गया है।
राहुल गांधी पैदल ही खालसा कॉलेज से बीएसएफ चौक पहुंचे, जहां से रेलवे रोड पर आ गए। वहां से यात्रा का स्वागत सुशील रिंकू ने किया जबकि आगे जाकर यात्रा का स्वागत जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी ने किया। यात्रा शहर के बीच निकलती हुई रेलवे स्टेशन पर पहुंची जहां विधायक बावा हेनरी व उनके समर्थकों की तरफ से स्वागत किया गया।
–
कांग्रेस सांसद चौधरी का अंतिम संस्कार
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का रविवार को जलंधर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव धालीवाल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दो बार सांसद रहे 76 वर्षीय चौधरी का शनिवार को पंजाब के फिल्लौर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद मोहम्मद सादिक समेत पार्टी के नेताओं और जिला प्रशासन तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे। रविवार सुबह कांग्रेस समर्थकों समेत सैकड़ों लोगों ने चौधरी को जलंधर में उनके आवास पर अंतिम विदाई दी, जहां उनकी पार्थिव देह रखी हुई थी। बाद में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव धालीवाल ले जाया गया। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी।
—

