—-एफएए में तकनीकी खराबी, राष्ट्रपति बाइडन ने मांगी रिपोर्ट
–3,578 उड़ानों में देरी, 450 घरेलू, अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द
इंट्रो
कंप्यूटर में गड़बड़ी के चलते पूरे अमेरिका में उड़ानें रोक दी गई हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के कंप्यूटर्स आउटेज की समस्या देखी गई। इसके बाद पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं हैं। अमेरिकी इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है। इस पूरे मामले पर राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रिपोर्ट मांगी है।
वाशिंगटन। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) की प्रणाली में खराबी के बाद बुधवार सुबह अमेरिका में सैकड़ों विमानों की आवाजाही ठप हो गई। उड़ानों में कितना विलंब होगा, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। लेकिन एफएए ने कहा कि वह इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है। इस बीच एफएए ने कंप्यूटर प्रणाली में खराबी के बाद विमानन कंपनियों को पूर्वी मानक समय के तहत सुबह नौ बजे तक अमेरिका आने वाली सभी उड़ानों के प्रस्थान को रोकने के लिये कहा है। एफएए ने कहा, एफएए अपने ‘नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम’ को बहाल करने के लिए काम कर रहा है। हम अंतिम सत्यापन जांच कर रहे हैं और सिस्टम को फिर से लोड कर रहे हैं। यह खराबी एफएए के ‘नोटम’ (नोटिस टू एयर मिशन) प्रणाली में गड़बड़ी के बाद आई। यह प्रणाली देश भर के हवाई अड्डों पर हवाई मुद्दों और अन्य सुविधाओं में देरी के बारे में पायलटों और अन्य कर्मियों को सचेत करती है। एफएए ने स्थिति को लेकर एक अन्य अद्यतन जानकारी में कहा, एफएए अब भी नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम को पूरी तरह से बहाल करने के लिए काम कर रहा है। कुछ काम पटरी पर आ गया है। अधिकांश एयरलाइंस ने सिस्टम की खराबी के कारण अपने विमान को नहीं उड़ाने का विकल्प चुना है। उड़ानों पर नजर रखने वाली कंपनी ‘फ्लाइटअवेयर’ के मुताबिक अमेरिका में इस खराबी के कारण 700 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई है जबकि बुधवार सुबह 90 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया गया।
—
बाइडन बोले- नहीं बता सकते दिक्कत की वजह
मीडिया से बातचीत में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- सभी एयरक्राफ्ट सेफ तरीके से लैंड कर सकते है। हां, ये बात जरूर है कि अभी हम उन्हें टेकऑफ की मंजूरी नहीं दे सकते। फिलहाल, ये कहना भी मुश्किल है इस बड़ी दिक्कत की वजह क्या है। उम्मीद करते हैं कि हमें इस बारे में विस्तार से जानकारी मिल जाएगी। मैं खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहा हूं।
—
क्या है नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम?
यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) का नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम पायलटों और अन्य उड़ान कर्मियों को खतरों या हवाई अड्डे की सुविधा सेवाओं में किसी भी बदलाव के बारे में अलर्ट करती है। इसके जरिए सामान्य प्रक्रियाओं को भी अपडेट किस जाता है। आज इसके जरिए कोई भी जानकारी साझा नहीं की जा पा रही थी। इस वजह से पूरे अमेरिका में विमान सेवाएं ठप हो गई। सभी उड़ानें ग्राउंड पर ही हैं। अमेरिकी नागरिक उड्डयन नियामक की वेबसाइट के हवाले से यह जानकारी दी गई।
—
बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंसे
अमेरिका में उड़ान सेवाओं के ठप होने की वजह से सभी उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है। इससे बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से 1000 से ज्यादा उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
—
भारत पर फिलहाल कोई असर नहीं
भारत में अमेरिका की उड़ान सेवाओं को कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत के सभी हवाईअड्डों पर परिचालन सामान्य है। अभी तक यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के सिस्टम में गड़बड़ी के बीच भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
000

