तीन दिवसीय प्रवासी सम्मेलन का समापन
हाइलाइटर
इंदौर।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि हर क्षेत्र में भारतीय ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरे हैं। भारतीय समुदाय अब विश्व की लीडरशिप करने के लिए तैयार है। भारतीय समुदाय ने कठिन परिश्रम से अपने जीवन के हर क्षेत्र में चुनौतियों के साथ उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत आज कला- साहित्य -व्यापार और विज्ञान प्रौद्योगिकी सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। भारत ऊंची उड़ान भरने के लिए तैयार है। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन भारत और प्रवासी भारतीयों के बीच संवाद पर बेहतर माध्यम बनकर उभरा है।
राष्ट्रपति मंगलवार को इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित कर रही थीं। इसी के साथ तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय सम्मेलन का समापन हो गया। इससे पहले राष्ट्रपति ने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वाले 27 प्रवासी भारतीयों को सम्मानित भी किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत वसुधैव कुटुंबकम की भावना से काम में लगा है। भारत विश्व के साथ मिलकर कई चुनौतियों से निपटने में लगा है। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह उन लोगों को समर्पित है जिन्होंने देश की तरक्की के लिए अब तक योगदान दिया और जिन्होंने हमारे विजन आत्मनिर्भर भारत के लिए काम किया। प्रवासी भारतीय विश्वसनीय सहयोगी हैं। हमारी सरकार प्रवासियों के हित में काम कर रही है।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारतीय प्रतिभा और भारतीय उत्पादों की संपूर्ण विश्व मंए मांग बढ़ रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व के विभिन्न देशों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए केंद्र शासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी दिवस अतीत के बलिदान को स्मरण करते हुए भविष्य के सपनों को साकार करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के साथ पुरस्कार प्राप्त प्रवासियों का ग्रुप फोटोग्राफ हुआ। विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने आभार व्यक्त किया। प्रवासी भारतीय सम्मान प्राप्त व्यक्तियों की ओर से स्वीटजरलैंड की डॉ. अर्चना शर्मा ने भी आयोजन तथा प्रवासी भारतीयों की प्रतिभा और उनके योगदान को पहचान देने तथा सम्मान प्रदान करने के लिए आयोजकों का आभार माना। मंच पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ सूरीनाम और गुयाना के राष्ट्रपति, केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे।
सीएम शिवराज बोले- मेरा मन भाव-विभोर
-इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन के आयोजन के दौरान तीन दिनों तक प्रवासियों का साथ रहा। इससे मेरा मन भाव-विभोर है। इंदौर आपसे एक रूप हो गया। सचमुच में इंदौर ने तैयारी वैसी की, जैसी बेटी की शादी के लिए करते हैं। बेटी की शादी जैसा इंदौर का स्वागत-सत्कार रहा। जब बेटी की बिदाई होती है तो मन में तकलीफ भी होती है। मैं ‘पधारो म्हारे घर’ कार्यक्रम में गया था। वहां ऐसा लगा जैसे दो परिवार नहीं मिले हों बल्कि दो देश जुड़ गए हों। तीन दिन आनंद, उत्सव और उमंग के थे। अब मन सोचकर भारी हो रहा है कि आप चले जाओगे। यहीं रह जाओ न। जो बात इस जगह है, वह कही भी नहीं।
सिंधिया बोले- भारत के बिना विश्व आगे नहीं बढ़ सकता
-केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उनकी माटी और उसके देश से होती है। भारत का कोई भी सपूत, कोई भी पुत्र-पुत्री, विश्व के किसी भी कोने में रहे हों, वो भारत का सपूत पुत्र-पुत्री कभी भी भारतीयता से जुदा नहीं हो सकते। हमारे भारत की जनसंख्या 135 करोड़ नहीं, 138 करोड़ है, इसमें 3 करोड़ हमारे प्रवासी भारतीय शामिल हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से कहा कि भारत की इस ग्रोथ स्टोरी में भागीदार बनिए। प्रधानमंत्री के संकल्प को मजबूत करें, अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहें और हमारे युवाओं को जो देश के बाहर काम कर रहे हैं, उनके लिए मेरा एक ही मंत्र है, एक ही संदेश है, एलईआर… लर्न, अर्न एंड डू रिटर्न।
मप्र में आएगा करोड़ों का निवेश…90 से ज्यादा उद्योगपति आएंगे
-प्रवासी सम्मेलन के समापन के साथ ही शिवराज सरकार ने इंदौर में होने वाली दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार से होने वाली इस समिट में 90 से ज्यादा बड़े उद्योगपति शामिल होंगे। इसके अलावा 300 से ज्यादा डेलिगेट्स भी समिट में भाग ले रहे है। समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली संबोधित करेंगे। दो दिन चलने वाली समिट में करोड़ों के निवेश मध्य प्रदेश में आने की संभावना है। समिट में कुमार मंगलम बिडला, नोएल एम टाटा, प्रणव अडानी, आईटीसी के सीएमडी संजीव पुरी, संजय सी किर्लोस्कर,अजय पिरामल, संजीव बजाज, नादिर गोदरेज, अभय फिरोदिया,राकेश भारती मित्तल, प्रशांत रुईया सहित अन्य बड़े उद्योगपति शामिल होंगे। असके अलावा समिट में मॉरिशस, बांग्लादेश, जिम्बाबे के मंत्री भी शामिल रहेंगे।
000

