कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर संघ पर निशाना साधा है। बिना नाम लिए उन्होंने कहा है कि 21वें सदी में भी कौरव हैं जो खाक़ी हाफ़ पैंट पहनते हैं और शाखा लिए होते हैं। इस समय राहुल गांधी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और समय-समय पर उनकी तरफ से संघ पर वार किया जा रहा है। उसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने बिना नाम लिए संघ की तुलना कौरवों से कर दी है। अब राहुल ने आरएसएस पर तो निशाना साधा ही है, इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद पर भी बरसे हैं।
कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान, राहुल ने कहा है कि 21वें सदी में भी कौरव हैं जो खाक़ी हाफ़ पैंट पहनते हैं और शाखा लिए होते हैं। इनके साथ 2-3 अरबपति खड़े होते हैं। नोटबंदी किसने लागू की? नोटबंदी, गलत जीएसटी पर साइन भले नरेंद्र मोदी ने किया हो लेकिन हिंदुस्तान के 2-3 अरबपतियों ने प्रधानमंत्री का हाथ चलाया। अब ये कोई पहली बार नहीं है जब राहुल ने इस अंदाज में संघ या फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा हो। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही उन्होंने कई मौकों पर इसी तल्ख अंदाज में वार किए हैं। हर बार उनके निशाने पर आरएसएस और बीजेपी रहती है।
टिकैत, यादव भी मिले राहुल से
कांग्रेस की, राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा चरण के तहत सोमवार को सुबह यहां खानपुर कोलियान से आगे बढ़ी। कुरुक्षेत्र जिले में यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। किसान नेता राकेश टिकैत, योगेंद्र यादव आदि ने भी गांधी से मुलाकात की। पैदल मार्च शाम को अंबाला जिले पहुंची। यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर पहुंचने पर गांधी द्वारा वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ यात्रा समाप्त हो जाएगी। यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजर चुकी है।
000

