- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ : उत्तर प्रदेश में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
-रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव ने की राहुल की तारीफ
बागपत। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित मवीकलां में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह छह बजे पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में फिर शुरू हुई। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिलाध्यक्ष की अगुवाई में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी इस यात्रा में हिस्सा लिया। राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सुबह दिल्ली से मवीकलां पहुंचे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक यात्रा छह बजे से एक बार फिर शुरू की गई। इस बीच, रालोद के बागपत जिलाध्यक्ष रामपाल धामा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। कड़ाके की सर्दी के बीच राहुल एक बार फिर सफेद टी-शर्ट पहनकर पदयात्रा करते दिखे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगे लेकर रवाना हुए। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी समेत कई वरिष्ठ नेता भी राहुल के साथ कदमताल करते नजर आए। दोपहर विश्राम के बाद यात्रा सरूरपुर कलां गांव से होते हुए बड़ौत कस्बे में पहुंची। राहुल ने बड़ौत के छपरौली चुंगी में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इसके बाद यात्रा शामली जिले पहुंची।
कामेडियन निगम व सिंगर नेहा भी शामिल
इस दौरान सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी राहुल से मुलाकात की और अग्निवीर योजना के विरोध में अपनी बात रखी।” बुधवार को प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजीव निगम भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। उन्होंने राहुल गांधी के साथ कुछ दूर पदयात्रा की। इस अवसर पर निगम ने कहा, “हम देश को अपने-अपने तरीके से जोड़ने का काम कर रहे हैं। “यूपी में काबा” “बिहार में काबा” गाने वाली प्रख्यात लोकगायिका नेहा सिंह राठौर भारत जोड़ो यात्रा में पहुंची और राहुल से मिलीं। सिविल सोसायटी के लोगों ने भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शिरकत की और राहुल गांधी से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सिविल सोसाइटी में प्रमुख रूप से विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, डॉक्टर एवं अन्य सामाजिक संगठन के सदस्य शामिल हैं।
गुरुवार को पहुंचेगी हरियाणा
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मंगलवार दोपहर बाद गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में दाखिल हुई थी। यह यात्रा बागपत से शामली होते हुए बृहस्पतिवार को हरियाणा की ओर रवाना हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के व्यापक जनसंपर्क अभियान वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और उसके बाद यह अपने पहले चरण में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से होकर गुजर चुकी है। यात्रा उत्तर प्रदेश में लगभग तीन दिन रहेगी और उसके बाद बृहस्पतिवार शाम को हरियाणा के पानीपत में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह पंजाब से होते हुए हिमाचल प्रदेश में दाखिल होगी और फिर अगले दिन जम्मू-कश्मीर की तरफ बढ़ेगी, जहां इसका समापन होगा।
यात्रा प्रशंसनीय – चंपत राय
, राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास और श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने भी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सराहना की है। चंपत राय ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि, एक नौजवान (कांग्रेस सांसद राहुल गांधी) इस ठंड में देश में पैदल चल रहा है, देश को समझ रहा और 3,000 किमी पैदल चल रहा है, तो हम इसकी प्रशंसा ही करेंगे।
0000

