कांकेर। शहर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे आयोजनकर्ता के रिश्तेदार बीती रात शादी समारोह में शामिल होकर वापस कोंडागांव की ओर रवाना हुए थे। वे आधे रास्ते से कार समेत गायब हो गए। कार में तीन पुरुष और एक महिला सवार थे। उनके अंतिम लोकेशन के आधार पर पुलिस पता तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शहर में रीना दस्ता के यहां शादी समारोह में 10 दिसंबर को रिसेप्शन पार्टी आयोजन किया गया था। सभी रिश्तेदारों को बुलवाया गया था। पार्टी में शामिल होने के लिए दूर-दूर से रिश्तेदार पहुंचे थे। इनके साथ उमरकोट ओडिशा से सपन सरकार व रीता सरकार एवं कोंडागांव से विश्वजीत अधिकारी व हजारी लाल ढ़ाली पहुंचे हुए थे। पार्टी में शामिल होने के बाद चारों रात साढ़े 10 बजे एक कार में सवार होकर वापस कोण्डागांव कि ओर जा रहे थे, जो कांकेर से कुछ दूरी तय किए थे कि सभी का मोबाइल बंद हो गया और उनमें से कोई घर नहीं पहुंचा है। घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पतासजी की तो कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस के पास शिकायत की गई है।
–
अंतिम लोकेशन जंगलवार के करीब
पुलिस ने बताया परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान दर्ज किया गया है, जिसमें बताया कि चारों का उम्र 45 वर्ष से अधिक है। इनका अंतिम लोकेशन जिला मुख्यालय से महज 5 किमी की दूर पर जंगलवार के करीब बताया जा रहा है। इसके अनुसार तलाश की जा रही है।
–
पहली बार हुई इस तरह की घटना
कांकेर में कार समेत चार लोगों के गायब होने जैसा घटना पहली बार हुई है। शहर से महज 5 किमी. की दूरी पर कार समेत चार लोगों के गायब हो जाने से सभी लोग स्तब्ध हैं, पुलिस इसे गम्भीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।

