पर्यवेक्षकों ने हिमाचल के राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का पेश किया दावा
शिमला। हिमाचल में कांग्रेस को मिली दमदार जीत के बाद सूबे का मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा इसको लेकर पार्टी के अंदर तनाव की खबरें हैं। पूर्व में जहां तीन लोग सीएम पद के दावेदार बताए जा रहे थे जो बढ़कर अब 6 हो गए। कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को समाधान निकालने ऑब्जर्वर बनाकर हिमाचल भेजा है। दरअसल, कांग्रेस ऐसा मुख्यमंत्री चाहती है जो पार्टी को एकजुट रख सके। इधर कांग्रेस विधायक दल की बैठक चल रही है जिसमें उपस्थित विधायकों का कहना है कि आलाकमान का जो भी फैसला होगा वह सर्वमान्य होगा।
गौरतलब है कि हिमाचल में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत से पार्टी के सभी खेमे उत्साहित हैं। सीएम के कई दावेदारों के होने की वजह से हर खेमे के कार्यकर्ता हिमाचल की सड़कों पर नजर आ रहे हैं। इसी बीच खबर है कि कांग्रेस के ऑब्जर्वर्स के वहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अपने-अपने नेता को सीएम बनाने के लिए नारेबाजी करने लगे। काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को गाड़ी के सामने से हटाया गया। हुड्डा और बघेल के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश से जुड़े मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला भी शिमला पहुंचे हैं।
सीएम पद के कितने दावेदार?
हिमाचल के मुख्यमंत्री के रूप में पदासीन होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। उनके अलावा हिमाचल में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार भी शामिल हैं।
मुझे सोनिया गांधी ने जिम्मेदारी सौंपी थी : प्रतिभा सिंह
विधायक दल की बैठक से पहले प्रतिभा सिंह का कहना है कि सोनिया गांधी ने उन्हें अध्यक्ष इसलिए बनाया था ताकि राज्य में पार्टी चुनाव जीत सके। उन्होंने कहा कि मैंने पूरी ईमानदारी से काम किया है और अब नतीजा सबके सामने है। आलाकमान उनके (वीरभद्र सिंह) परिवार की अनदेखी नहीं कर सकता। ऐसा नहीं है कि आप उनका नाम, चेहरा और परिवार का इस्तेमाल करेंगे और क्रेडिट किसी और को दे देंगे। आलाकमान ऐसा नहीं करेगा।
प्रबल दावेदार प्रतिभा सिंह ने नहीं लड़ा है चुनाव
बता दें कि सीएम पद की प्रबल दावेदार प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा और वह विधायक भी नहीं हैं, लेकिन उन्होंने राज्य भर में पार्टी के लिए व्यापक चुनाव प्रचार किया। वह फिलहाल निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी से लोकसभा उपचुनाव जीती थीं। पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि प्रतिभा सिंह को ज्यादातर विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जो वीरभद्र सिंह के प्रति निष्ठावान रहे हैं।
000 भूपेंद्र पटेल ने दिया इस्तीफा, नया नेता चुनने बैठक आज
गुजरात भाजपा में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिलकर पूरी कैबिनेट सहित अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की ओर से इसी वक्त राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया गया है। पार्टी की ओर से विधायक दल का नया नेता चुनने के लिए आज 10 दिसंबर को सुबह 10 बजे बैठक बुलाई गई है। उम्मीद यही है कि पार्टी एक बार फिर से भूपेंद्रभाई पटेल की ताजपोशी करेगी। भाजपा की ओर से 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकता है। शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                