प्रेमी ने फिल्मी स्टाइल में रेलवे स्टेशन में प्रेमिका की हत्या कर रेता खुद का गला, खूनी मंजर देख सहमे लोग

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीते गुरुवार को एक युवक ने प्रेमिका का गला काटने के बाद खुद का भी गला रेत लिया। जिसके बाद दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान प्रेमिका की मौत हो गई, वहीं प्रेमी युवक की हालत गंभीर है। बता दें कि धौरहरा बिलरियागंज निवासी मृतक युवती की पहचान 19 वर्षीय प्रियंका पुत्री कन्हई के रूप में हुई है। वहीं युवक की पहचान जहानागंज थाना निवासी 23 वर्षीय धनंजय के तौर पर हुई हैं।

प्रेमी युगल ने भागकर की थी शादी

बताया गया है कि धनंजय के भाई की शादी बिलरियागंज के धौरहरा में प्रियंका की बहन से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम-संबंध बन गए। दोनों ने 6 महीने पहले घर से भागकर मुंबई में शादी कर ली थी। युवती के चाचा भी मुंबई में रहते हैं जिसने दोनों को अलग-अलग करा दिया था। लड़की के भाई की 8 दिसंबर को शादी होनी थी। शादी में शामिल होने के लिए लड़की अपने चाचा के साथ आजमगढ़ वापस आ रही थी।

भरी भीड़ के बीच कर दी हत्या

हमलावर धनंजय को प्रियंका के मुंबई से आने की जानकारी मिली तो वह भी मुंबई से उनके पीछे-पीछे आ गया। इसके बाद युवती जैसे ही ट्रेन से चाचा के संग उतरी आरोपी प्रेमी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। स्टेशन पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक युवक ने चाकू से अपना गला भी रेत लिया। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह प्रियंका के बिना नहीं रह पा रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
00

प्रातिक्रिया दे