-कांग्रेस छोड़ आए शेरगिल बनाए गए पार्टी प्रवक्ता
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शुक्रवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व कांग्रेसी नेता सुनील जाखड़ और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। गौरतलब है कि अमरिंदर, जाखड़ भी कांग्रेस के पूर्व कद्दावर नेता रह चुके हैं। इन दोनों ही नेताओं की पंजाब की सियासत में अहम भूमिका है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अमरिंदर ने अपनी नई पार्टी बना ली थी। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय करा लिया था।
भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष रहे मदन कौशिक, पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और बीजेपी पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन कालिया को राष्ट्रीय कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
शेरगिल बनाए गए राष्ट्रीय प्रवक्ता
कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए जयवीर शेरगिल को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। बता दें कि अगस्त महीने में ही जयवीर शेरगिल ने कांग्रेस छोड़ी थी. वे पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय प्रवक्ता थे। 39 वर्षीय जयवीर शेरगिल ने पार्टी छोड़ते वक्त कांग्रेस पर कड़े आरोप लगाए थे। जयवीर ने कहा था कि उन्होंने सबसे पुरानी पार्टी के साथ सभी संबंध तोड़ने का फैसला किया है क्योंकि चाटुकारिता ‘दीमक’ की तरह संगठन को खा रही है।
00000

