-इन दिनों एमपी में है भारत जोड़ो यात्रा
उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा के तहत उज्जैन पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को मजदूर-किसानों को असली तपस्वी बताते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- किसान, मजदूर, गरीब ही असली तपस्वी हैं, लेकिन मोदी सरकार इन तपस्वियों के लिए कुछ नहीं करती। जो लोग पीएम मोदी की पूजा करते हैं, उन्हें सब मिल जाता है। ‘जय महाकाल’ उद्घोष से अपने भाषण का आगाज करते हुए गांधी बोले- हिंदू धर्म में शिवजी, भगवान राम, भगवान श्रीकृष्ण की पूजा इसलिए होती है कि वे तपस्वी थे। वहीं, मोदी सरकार और मध्यप्रदेश की सरकार तपस्वियों का अपमान करती है। हिंदुस्तान में तपस्या कौन करता है। कोविड के समय जो मजदूर बेंगलुरू, मुंबई, चेन्नई या पंजाब से देश के एक कोने से दूसरे कोने गए, वह तपस्या करते हैं। इस देश के करोड़ों किसान, उनके परिवार हर रोज तपस्या करते हैं। बढ़ई नाई, माली, इलेक्ट्रिशियन, छोटे दुकानदार, मजदूर.. ये सब रोज तपस्या करते हैं। जिंदगीभर करते हैं। तपस्या करते-करते मर जाते हैं। इनके साथ अन्याय हो रहा है।
-नोटबंदी, जीएसटी ने अर्थव्यवस्था की रीढ़ तोड़ी
गांधी ने नोटबंदी-जीएसटी को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने रात 8 बजे आकर नोटबंदी की थी और रात 12 बजे जीएसटी लागू किया। ये दोनों पॉलिसियां नहीं थी, बल्कि कैश फ्लो को खत्म करने के हथियार है। आज देश का नुकसान हो रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मिल भी नहीं सकता। क्योंकि नोटबंदी, जीएसटी ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।
टी ब्रेक के दौरान बच्चों के साथ झूमे राहुल
राहुल टी ब्रेक के लिए रुके तो वहां स्कूली बच्चे आ गए। रंगबिरंगी पोशाख में आए बच्चों के साथ राहुल ही नहीं बल्कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत तमाम नेताओं ने डांस किया। अब यह वीडियो वायरल हो रहा है।
यात्रा का 82वां दिन
मंगलवार को यात्रा का 82 वां दिन रहा। अभी तक छह राज्यों और 35 जिलों का सफर भारत जोड़ो यात्रा सफर तय कर चुकी है। राहुल सहित अन्य यात्री दो हजार से अधिक किलोमीटर की यात्रा कर चुके है। मध्यप्रदेश में यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर जिले के बाद उज्जैन जिले में जा चुकी है। यात्रा मध्यप्रदेश में छह जिलों में जानी है और 380 किमी की दूरी तय करेगी।
महाकाल के किए दर्शन
मध्यप्रदेश में यात्रा का मंगलवार को आठवां दिन था। राहुल
गांधी ने मंगलवार को उज्जैन पहुंचने पर बाबा महाकाल के दर्शन किए। करीब 20 मिनट रुककर पञ्चोपचार विधि से पूजा की। पूजन के दौरान पुजारी रमन त्रिवेदी ने उनसे गोत्र पूछा तो उन्होंने कश्यप बताया। राहुल ने उज्जैन के निनौरा गांव में लंच ब्रेक किया। वहां विराजमान आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज के दर्शन करने भी पहुंचे। राहुल गांधी ने आचार्य श्री का अभिवादन किया।
0000

