- यूपी के सीएम ने मोरबी में जनसभा को किया संबोधित
(फोटो :)-
-अहमदाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भाजपा का प्रचार करने के लिए शुक्रवार को गुजरात पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा, ‘पीएम मोदी के गुजरात विकास के मॉडल की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है। कोरोनाकाल में पीएम मोदी ने हर स्थिति को अलग-अलग तरह से संभाला। पहले लॉकडाउन में जान है तो जहान है का नारा देकर पीएम मोदी ने लोगों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया।’ तीसरे फेज में लोगों को घरों में कोरोना का इलाज मिला। पीएम मोदी ने फ्री टेस्ट, वैक्सीन और राशन वितरण का अभियान चलाया। वहीं, कांग्रेस आपके विश्वास का सम्मान नहीं करती है। ये लोग आपकी समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते। ये देश को सुरक्षित नहीं रख सकते। यहां तक की ये लोग तो राष्ट्र गान का भी सम्मान नहीं करते हैं।
भारत जोड़ने नहीं तोड़ने निकले राहुल : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नवसारी की जनसभा में मोदी सरकार के कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की जमकर तारीफ की। उन्होंन सभा को संबोधित करते हुए कहा, देश की राजनीति में जितनी भी पार्टियां सत्ता में आईं, उन्होंने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की। देश की जनता को जातियों और धर्मों में बांटने का काम किया। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने ”सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र पर काम किया। अभी कल ही राहुल गांधी ने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के खिलाफ निंदनीय बयान दिया। इससे पता चलता है कि इनकी क्या सोच है, ये भारत जोड़ने नहीं, तोड़ने निकले हैं।
गुजरात मॉडल देश में नंबर-1 : ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार को भाजपा के लिए प्रचार करने गुजरात पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, ‘गुजरात मॉडल देश में नंबर-1 और विकास का मॉडल है। कांग्रेस ने हमेशा से बांटो और राज करो की राजनीति की है। वो हमेशा से जाति, धर्म और समुदाय के नाम पर वोट मांगते हैं। भाजपा गुड गवर्नेंस, डेवलपमेंट और ईमानदारी के लिए काम करती है।’
–
शिवराज ने कांग्रेस और आप पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी गुजरात में भाजपा के लिए प्रचार करने पहुंच गए हैं। यहां शुक्रवार को उन्होंने भोजपुरा में जनसभा को संबोधित किया। चौहान ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी कल्पवृक्ष हैं। जो जरूरत है, वही मिलेगा। केजरीवाल बबूल का पेड़ है। केवल कांटे ही गड़ेंगे। राहुल बाबा खरपतवार है। ये फसल की खराब कर देगा। ये कांग्रेस और आप देश से संतोष और चैन साफ कर देंगे।
–
89 सीटों पर 1 को चुनाव
गुजरात में पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को चुनाव होगा। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। चुनाव प्रचार के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और टिकट के लिए बगावती रूख भी सामने आने लगे हैं।
–
कांग्रेस सांसद बोले- गुजरात के लोग इस बार बदलाव के लिए वोट करेंगे
कांग्रेस के सांसद और लोकसभा में डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने गुजरात चुनाव के लिए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार गुजरात के लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे। गोगोई ने कहा कि 27 साल बाद गुजरात में बदलाव होगा और कांग्रेस वापस सत्ता में आएगी। उन्होंने आगे कहा, मैं अंतिम परिणाम जानने के लिए काफी उत्सुक हूं जब कांग्रेस की जीत होगी। मैंने कई रैलियां और सभाएं कीं हैं। लोगों के समर्थन को देखते हुए मैं आश्वस्त हूं कि यहां इस बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

