महात्मा गांधी के प्रपौत्र भी चले राहुल के संग-संग

  • भारत जोड़ो यात्रा के तहत महाराष्ट्र के बालापुर में हुए शामिल
  • पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ दिखे राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों महाराष्ट्र में है। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बालापुर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। महात्मा गांधी के प्रपौत्र और लेखक तुषार गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’अपने महाराष्ट्र चरण के 12वें दिन शुक्रवार को सुबह अकोला जिले के बालापुर से बुलढाणा के शेगांव की ओर बढ़ी। यहां राहुल गांधी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह नांदेड़ में एक रैली को संबोधित किया था।

पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सुबह-सुबह सड़क के दोनों ओर एकत्र भीड़ का अभिवादन किया और उनके साथ बातचीत भी की। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश किया था। यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इसके तहत अभी तक महाराष्ट्र के नांदेड़, हिंगोली, वाशिम और अकोला जिलों की पदयात्रा की जा चुकी है।

खरगे का दावा- सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नौकरियों के मुद्दे पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने सिर्फ 75,000 नियुक्ति पत्र बांटे। उनका हमला एक मीडिया रिपोर्ट पर आया, जिसमें दावा किया गया था कि केंद्रीय सचिवालय सेवाओं में 1,600 पद खाली हैं। खरगे ने एक ट्वीट में कहा कि पीएम मोदी ने प्रति वर्ष 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। 8 वर्षों में 16 करोड़ नौकरियां पैदा होनी चाहिए थीं। विभिन्न सरकारी विभागों में 30 लाख से अधिक पद खाली हैं, लेकिन पीएम मोदी ने सिर्फ 75,000 आवेदन वितरित किए।


प्रातिक्रिया दे