—-मंत्री के विवादित बोल पर आक्रोश, पश्चिम बंगाल में रोकी मंत्री की गाड़ी
—-मंत्री अखिल गिरि पर दर्ज हुआ केस, ममता बनर्जी से भाजपा ने किया सवाल
—
कोलकाता/नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई विवादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है, वहीं कांग्रेस भी विरोध कर रही है। रविवार को लगातार दूसरे दिन भी बंगाल में प्रदर्शन हुए। बर्दवान में प्रदर्शनकारियों ने मंत्री अखिल गिरि का पुतला फूंका। बांकुरा में आदिवासी समाज के लोगों सड़क पर उतर आए, वहीं ममता की मंत्री जोत्सना मंडी का स्थानीय लोगों ने घेराव किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में पश्चिम बंगाल के मंत्री अखिल गिरि की विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने रविवार को राज्य के कई हिस्सों में रैलियां निकालीं। राज्य के सुधार गृह मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के नेता गिरि के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोलकाता के अलावा पश्चिम बर्द्धमान, मालदा और बांकुड़ा जिलों में भी प्रदर्शन किये गये। बांकुड़ा के खटरा में, राज्य की मंत्री ज्योत्सना मांडी को विरोध का सामना करना पड़ा और प्रदर्शनकारियों ने गिरि के खिलाफ नारे लगाते हुए उनकी कार को रोक लिया। खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री मांडी ने बाद में कहा, मैं उनकी (गिरि की) टिप्पणी का समर्थन नहीं करती और उनके द्वारा दिया गया बयान व्यक्तिगत है। इस बीच, भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने गिरि के खिलाफ दिल्ली के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और उन्हें मंत्री पद से हटाने की मांग की। एक कथित वीडियो क्लिप में, गिरि को शुक्रवार को नंदीग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान ‘राष्ट्रपति के रूप’ के बारे में टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। गिरि को यह कहते सुना गया,उन्होंने (भाजपा) कहा कि मैं अच्छा नहीं दिखता हूं। हम किसी को उसकी शक्ल से नहीं आंकते। हम (भारत के) राष्ट्रपति के पद का सम्मान करते हैं। लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं? बाद में मंत्री ने माफी मांगते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य राष्ट्रपति का अनादर करना नहीं था। भाजपा ने हालांकि तृणमूल कांग्रेस और गिरि पर निशाना साधा और कहा कि उनकी टिप्पणी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की ‘आदिवासी विरोधी’ मानसिकता को दर्शाती है। भाजपा महिला मोर्चा ने उनकी टिप्पणी के लिए गिरि का पुतला फूंका। टीएमसी ने ट्वीट किया था, भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के लिए हमारे मन में बहुत सम्मान है। पार्टी अखिल गिरि द्वारा की गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है।
—
सीएम नीतीश बोले- ऐसी टिप्पणी निंदनीय
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी टिप्पणी की निंदा की और कहा कि किसी को भी राष्ट्रपति पर इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। टीएमसी ने बाद में एक ट्वीट में कहा कि नेतृत्व ने किसी भी तरह से इस टिप्पणी का समर्थन नहीं किया।
—
इन राज्यों में केस दर्ज
पश्चिम बंगाल
ओडिशा
असम
नई दिल्ली
–
बचाव में टीएमसी, शुभेंदु पर बोला हमला
अब टीएमसी भी काउंटर अटैक के लिए मैदान में आ गई है। रविवार को टीएमसी की तरफ से महासचिव कुणाल घोष ने मोर्चा संभाला और विधानसभा में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी पर हमला बोला है। घोष ने शुभेंदु का एक पुराना वीडियो जारी किया है और पूछा है कि भाजपा इसके बारे में क्या कहेगी? वीडियो में शुभेंदु बंगाल सरकार में मंत्री बीरबाहा हांसदा के बारे में विवादित बयान दे रहे हैं।
—
क्या है मामला
बता दें कि नंदीग्राम में एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी नेता अखिल गिरि ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर रंगभेदी टिप्पणी की थी। गिरि ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी विरोधी दल के नेता हैं तो शोभनीय बातें कहें, लेकिन वो कहते हैं कि मैं देखने में खराब हूं। ऐसा है तो फिर द्रौपदी मुर्मू देखने में कैसी हैं? शुभेंदु से कहिए तो यहां नंदीग्राम में आकर बोले कि द्रौपदी मुर्मू देखने में कैसी हैं? मनोज टिग्गा देखने में कैसे हैं? तुम देखने में सुंदर हो, लेकिन भीतर से पूरा कैंसर हो। बाहर से कपड़ा अच्छा है पर भीतर पूरा कैंसर है।

