सरकार बदलने की परंपरा से हिमाचल को भारी नुकसान

चंबी में कांग्रेस पर गरजे पीएम मोदी, बोले-

-हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होना है

. 68 विधानसभा सीटों पर 10 नवंबर को थमेगा चुनाव प्रचार

चंबी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को चंबी पहुंचे। यहां उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोगों ने पांच साल पहले कांग्रेस को यहां से विदा कर दिया था। इस बार के चुनाव में भी यहां की सत्ता पर काबिज होने से उन्हें रोकने के लिए उनके खिलाफ मतदान करने की जरूरत है। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कई राजनीतिक दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं। इसलिए बीजेपी की सरकारों का जैसे-जैसे लोगों को अनुभव आता है, लोगों का विश्वास बढ़ता जाता है और बार-बार आशीर्वाद मिलता रहता है।

कांग्रेस नहीं दे सकती स्थिर सरकार

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं। आज कांग्रेस की गिन कर दो ही सरकारें एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में बची हैं। यहां से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं। हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं।

यहां भी बदलें परंपरा

इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए बीजेपी को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है, जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी बीजेपी की सरकार फिर से आई है। इन दोनों जगहों से खबरें सिर्फ झगड़े की ही रहती हैं। अगर यही चलता रहा तो राज्य का विकास कैसे हो सकता है?

भाजपा का काम सिर्फ कांग्रेस को गालियां देना : खरगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) समेत जनता से किए सभी वादे पूरा करेगी। अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने केंद्र और हिमाचल की भाजपा सरकारों को घेरते हुए कहा कि इनकी आम जनता को गुमराह करने की आदत रही है, लेकिन सौ फीसदी साक्षर हिमाचल की जनता को भाजपा बेवकूफ नहीं बना सकती। खरगे ने केंद्र की अग्निपथ योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार साल की नौकरी के बाद अग्निवीर क्या मंदिरों में घंटी बजाएंगे। भाजपा नेताओं का काम सिर्फ कांग्रेस को गालियां देना है, उनकी सुबह इसी से शुरू होती है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने किसानों के 72 हजार करोड़ के कर्ज माफ कर वादा पूरा किया। यहां के किसानों का कर्ज माफ करने का भी बीड़ा उठाया है। महिलाओं को 1500 रुपये हर माह देंगे, महंगाई से लड़ने के लिए 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, हर गांव में मोबाइल वैन से मुफ्त इलाज होगा।

नड्डा के चयन पर निशाना

मल्लिकार्जुन खड़गे ने शिमला के बनूटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे 9,000 प्रतिनिधियों ने मिलकर चुनाव के माध्यम से चुना है। लेकिन जेपी नड्डा साहब का चुनाव कैसे हुआ ये किसी को पता नहीं है। वहां(भाजपा में) पर चुनाव नहीं होते सिर्फ नाम दिए जाते हैं। ’

(गुजरात चुनाव)

कांग्रेस को फिर झटका, भाजपा में शामिल हुए विधायक बराड

(फोटो : जीचे)

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए एक महीने का समय भी नहीं बचा है। ऐसे में सभी दलों के शीर्ष नेता राज्य का दौरा कर रहे हैं। इस बीच, विपक्षी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक भगवान बराड पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। 63 वर्षीय बराड ने 2017 में गिर सोमनाथ जिले की तलाला सीट से चुनाव जीता था। इससे एक दिन पहले दस बार के कांग्रेस विधायक रहे आदिवासी नेता मोहनसिंह रठवा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वह भी भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा के राज्य महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने अहमदाबाद में पार्टी के मीडिया सेंटर में बराड का स्वागत किया। अगले महीने गुजरात में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए 1 दिसंबर और दूसरे चरण के लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा। इसके बाद मतगणना 8 दिसंबर को होगी। बराड ने कहा, मैं भाजपा में इसलिए शामिल हो रहा हूं, क्योंकि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास अभियान का हिस्सा बनना चाहता हूं। मैं बिना किसी पूर्व शर्त या प्रतिबद्धता के पार्टी में शामिल हो रहा हूं। अगर पार्टी चाहती है तो मैं चुनाव लड़ूंगा। मैं अन्य उम्मीदवारों के लिए प्रचार करूंगा। सोमनाथ और जूनागढ़ जिलों की नौ सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के लिए काम करूंगा।

(यूपी चुनाव)

सपा-रालोद मिलकर लड़ेंगे रामपुर और मैनपुरी उपचुनाव

(फोटो : यूपीसी)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव में सपा व राष्ट्रीय लोकदल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सपा ने इसकी घोषणा कर दी है। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और खतौली सीट पर रालोद का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। इन सभी सीटों पर पांच दिसंबर को मतदान जबकि आठ दिसंबर को चुनाव परिणाम की घोषणा होगी। सपा-रालोद यूपी विधानसभा का चुनाव भी मिलकर लड़े थे। हालांकि, प्रदेश में भाजपा फिर से सत्ता में आने में कामयाब रही।

अखिलेश से नाराज राजभर ने उतारा प्रत्याशी

मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने ताल ठोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने बुधवार को सुभासपा प्रत्याशी का एलान किया। उन्होंने मैनपुरी उपचुनाव में रमाकांत कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। राजभर बुधवार को किशनी क्षेत्र के गांव खिदरपुर पहुंचे। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें तलाक दिया जो उन्होंने कुबूल कर लिया है। शिवपाल सिंह और अखिलेश यादव की लड़ाई सिर्फ वर्चस्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सुभासपा आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती पर कार्य कर रही है। जिसके लिए सुभासपा ने सावधान यात्रा भी निकाली थी। पार्टी की मांग है कि अमीरों की तरह गरीबों के बच्चों को भी अच्छे स्तर की शिक्षा मिले। देश में एक संविधान होते हुए एक समान शिक्षा सभी को मिलनी चाहिए। राजनीति में हिस्सेदारी के लिए जातिगत जनगणना होना बेहद जरूरी है।

मोदी के फोन कॉल के बाद भी मैदान से नहीं हटा यह बागी

(फोटो : कृपाल)

शिमला। पीएम मोदी की अपील के बाद भी बीजेपी के बागी नेता कृपाल परमार ने चुनाव मैदान से हटने से इनकार कर दिया है। पीएम मोदी ने कृपाल परमार को फोन कर चुनाव ना लड़ने के लिए कहा था लेकिन कृपाल परमार ने पीएम के फोन कॉल को दरकिनार कर दिया। इस बातचीत का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने भी पीएम मोदी और बागी बीजेपी नेता की बातचीत का यह वीडियो शेयर कर भाजपा पर निशाना साधा था। इन सबके बीच कृपाल परमार ने एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि कॉल फेक नहीं थी और पीएम मोदी ने वास्तव में उन्हें 30 अक्टूबर 2022 को फोन किया था। कि पीएम मोदी ने उनसे फोन करके कहा कि मेरी बात सुन लें। मेरा तुम पर हक है। जिसके जवाब में बागी नेता ने कहा कि मोदी जी, नड्डा जी ने मुझे 15 साल तक अपमानित किया है। मैंने मोदी जी को कहा आपका फोन पहले आता है तो मैं नाम वापस ले लेता। गौरतलब है कि कृपाल परमार हिमाचल की फतेहपुर सीट से चुनावी मैदान में हैं।

नड्डा पर लगाए कई आरोप

परमार ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “एक साथ पढ़ें हैं। एक साथ कमरों में रहे हैं। साल 2017 से पता नहीं क्या हुआ। मेरे दोस्त दुश्मन हो गए। मेरा मजाक बनाया जाने लगा। जिनसे मैं हारा था उनका निधन हो गया था। सीट पर उपचुनाव हुआ, जो मेरे खिलाफ लड़ा था उसे टिकट दे दिया गया।”

000

प्रातिक्रिया दे