तंजानिया में बड़ा हादसा! लैंडिंग के दौरान विक्टोरिया झील में प्लेन क्रैश, 19 लोगों की मौत, देखें वीडियो

Tanzania Plane Crash: तूफान और भारी बारिश के कारण प्लेन विक्टोरिया झील में गिर गया।

Tanzania Plane Crash: तंजानिया (Tanzania) के उत्तर-पश्चिमी कागेरा क्षेत्र में स्थित विक्टोरिया झील (Lake Victoria) में रविवार (6 नवंबर) को एक पैसेंजर प्लेन (passenger plane crashes) क्रैश हो गया। प्लेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 19 लोगों की जान चली गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई यात्रियों को बचा लिया गया है। आपको बता दें कि विक्टोरिया अफ्रीका की सबसे बड़ी झील है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्लेन में करीब 50 यात्री मौजूद थे, जिसमें से 23 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, बाकी लोगों के बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्लेन में दर्जनों यात्री सवार थे। अखबार के मुताबिक, अभी तक 19 यात्रियों की मौत हो चुकी है। हालांकि, दुर्घटना में मरने वालों की संख्या के बारे में सही पता नहीं चल पाया है। कंपनी की तरफ से मृतकों के बारे में खबर लिखे जाने तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी। पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि प्लेन से 26 लोगों को बचा लिया है। विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी क्या स्थिति है इस बारे में जानकारी अभी आनी बाकी है।

CNN के मुताबिक, घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। झील में दुर्घटनाग्रस्त हुआ प्लेन प्रिसीजन एयर (Precision Air) कंपनी का था। कंपनी ने एक बयान में बताया कि यह एक कमर्शियल फ्लाइट थी, जो विक्टोरिया झील में क्रैश हो गई। प्रिसीजन एयर के प्रवक्ता ने बताया कि प्लेन बुकोबा एयरपोर्ट के साथ लगी अफ्रीका की सबसे बड़ी झील में हादसे का शिकार हुआ।

खराब मौसम की वजह से हुआ क्रैश

तंजानिया पुलिस के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से प्लेन झील में क्रैश हो गया। प्लेन को उत्तर पश्चिमी शहर बुकोबा में लैंड करना था, उसी दौरान ये हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि यात्रियों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

BNO न्यूज ने बताया कि प्लेन राजधानी दार एस सलाम से रवाना हुआ था। रविवार सुबह तूफान और भारी बारिश के कारण लैंडिंग के समय विक्टोरिया झील में जा गिरा। बता दें कि पांच साल पहले भी ऐसी ही घटना उत्तरी तंजानिया में हुई थी। उस दौरान सफारी कंपनी का प्लेन क्रैश हो गया था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।

प्रातिक्रिया दे