- गृह राज्य में पहली चुनावी रैली को संबोधित किया प्रधानमंत्री ने
नाना पोंधा (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि घृणा फैलाने वाली और गुजरात को बदनाम करने वाली ताकतों को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य से बाहर फेंक दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अगले महीने होने वाले चुनाव में भाजपा के रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने का दावा किया। बता दें, गुजरात में दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को विधानसभा चुनाव होगा तथा मतगणना आठ दिसंबर को होगी। अपने गृह राज्य में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने गुजराती में नया नारा दिया ‘‘आ गुजरात में बनाव्यु छे (यह गुजरात मैंने बनाया है)।” इतना ही नहीं मोदी ने अपने 25 मिनट लंबे भाषण में लोगों से कई बार यह नारा लगवाया। आदिवासी बहुल वलसाड जिले की कपरादा तालुका के नाना पोंधा गांव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने किसी का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि गुजरात के लोगों ने उस ‘गैंग’ को पहचान लिया है जो गुजरात के खिलाफ काम कर रहा है और हमेशा राज्य को बदनाम करने की कोशिश करता रहता है। उन्होंने कहा, हालांकि ऐसे लोग दो दशकों से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन गुजरात की जनता ने उन पर कभी भरोसा नहीं किया।
—
भाजपा के धोखे से गुजरात को बचाएंगे : राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी गुजरात के लोगों के साथ किए वादों को पूरा करेगी और उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डबल इंजन के धोखे से बचाएगी। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘500 (रुपये) में एलपीजी सिलेंडर, युवाओं को 10 लाख नौकरियां, किसानों का तीन लाख (रुपये) तक कर्ज माफ- हम, गुजरात के लोगों से किए सारे वचन निभाएंगे।’भाजपा के ‘डबल इंजन’ के धोखे से बचाएंगे, प्रदेश में परिवर्तन का उत्सव मनाएंगे।’इधर, अहमदाबाद में कांग्रेस की गुजरात इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को भाजपासरकार के खिलाफ 22 सूत्री ‘आरोप पत्र’ जारी करते हुए उस पर जनविरोधी होने का आरोप लगाया।
—
मोरबी पुल हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा: केजरीवाल
वांकानेर (गुजरात)। मोरबी जिले के वांकानेर कस्बे में ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि मोरबी केबल पुल की मरम्मत करने वाले लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर ‘डबल इंजन’ वाली भारतीय जनता पार्टी को फिर से जनादेश मिलता है तो मोरबी पुल हादसे जैसी दुर्घटनाएं भविष्य में भी होंगी।

